किसान भाईयों की सुविधा के लिए स्थापित होंगे ग्रेडिंग प्लांट्स।

किसान भाईयों की सुविधा के लिए स्थापित होंगे ग्रेडिंग प्लांट्स।
माननीय मुख्यमंत्री म.प्र. शासन डॉ. मोहन यादव के मंडियों को सर्वसुविधायुक्त एवं हाईटेक बनाने के निर्देशानुसार तथा मंडी बोर्ड के अध्यक्ष कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंसाना के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड (मंडी बोर्ड) वित्तीय वर्ष 2025-26 में मध्य प्रदेश के किसानों की सुविधा के लिए क्लीनिंग‚ ग्रेडिंग एवं पैकेजिंग प्लांट्स की स्थापना मध्यप्रदेश की विभिन्न 20 मंडियों में करने जा रहा है।

इन प्लांटो की स्थापना होने से किसान भाईयों द्वारा मंडी प्रांगण में लाई गई कृषि उपज गेंहू‚ सोयाबीन‚ धान‚ चना‚ मक्का‚ मूंग आदि का निशुल्क क्लीनिंग‚ ग्रेडिंग करवा सकेंगे।
ग्रेडिंग कार्य कराने से किसान भाईयों को उनकी उपज का उचित मूल्य मंडी प्रांगण में प्राप्त होगा। मध्य प्रदेश शासन तथा भारत सरकार की मंशा अनुरूप किसान भाइयों की आय को दो गुना करने के उद्देश्य की प्राप्ति हेतु यह एक प्रयास है। मध्य प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री कुमार पुरुषोत्तम द्वारा जानकारी दी गयी कि मध्य प्रदेश की 20 मंडियों में 05 TPH (टन प्रति घंटा) तथा 10 TPH (टन प्रति घंटा) की क्लीनिंग‚ ग्रेडिंग एवं पैकेजिंग यूनिट्स इसी वित्तीय वर्ष में स्थापित की जा रही है। इस बावत् टेंडर जारी कर दिये गये हैं। इन प्लांट्स के स्थापित होने से प्रदेश के समस्त किसान भाइयों को निशुल्क अपनी उपज की क्लीनिंग‚ ग्रेडिंग कराने की सुविधा मंडी प्रांगणों में सुलभता से उपलब्ध होगी। उज्जैन‚ देवास‚ जबलपुर‚ गुना‚ बदनावर‚ पिपरिया‚ नीमच‚ सतना‚ सिवनी‚ खंडवा‚ बुरहानपुर‚ अशोकनगर‚ गंजबासौदा‚ इटारसी‚ हरदा‚ जावरा‚ आष्टा‚ बैरसिया‚ सीहोर एवं आगर मंडी के प्रांगणों में क्लीनिंग‚ ग्रेडिंग एवं पैकेजिंग प्लांट्स स्थापित किये जा रहे है।