छह छात्रों को छह महीने के लिए निलंबित किया,बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय में रैगिंग के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई

भोपाल। राजधानी के बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय में रैगिंग के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए छह छात्रों को छह महीने के लिए निलंबित कर दिया है। निलंबित छात्रों को इस अवधि तक क्लास और हॉस्टल में प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। आदेश का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
एंटी रैगिंग शिकायत के बाद जांच
जानकारी के अनुसार, जवाहर हॉस्टल में रहने वाली प्रथम वर्ष की एक छात्रा ने सीनियर छात्रों के खिलाफ एंटी रैगिंग सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही विश्वविद्यालय की एंटी रैगिंग कमेटी कैंपस पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान चौंकाने वाले संकेत
कमेटी जब हॉस्टल परिसर में जांच के लिए पहुंची तो वहां गांजे की गंध मिलने की बात सामने आई। इस पर कमेटी ने संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाई और मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की।
ये छात्र हुए निलंबित
कार्रवाई के तहत ऋषि मिश्रा, आशीष शुक्ला, अहमद खान, कार्तिक कुशवाहा और हर्ष चतुर्वेदी सहित आधा दर्जन सीनियर छात्रों को छह माह के लिए सस्पेंड किया गया है।
सख्त रुख में विश्वविद्यालय प्रशासन
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कैंपस में रैगिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।



