प्रत्येक मंडल में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएगी, रविंद्र यति

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में आगामी तिरंगा यात्रा एवं विभाजन विभीषिका दिवस के आयोजन के लिए जिला पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गयी। बैठक को भोपाल जिलाध्यक्ष श्री रविन्द्र यति एवं जिला संगठन प्रभारी श्री महेंद्र सिंह यादव ने संबोधित किया।
भोपाल जिलाध्यक्ष श्री रविंद्र यति ने कहा कि युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा द्वारा 10 से 14 अगस्त तक प्रत्येक मंडल में तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएगी। 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर, प्रतिष्ठानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा तिरंगा फहराया जाएगा। देश एवं समूचे विश्व ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल एवं निडर नेतृत्व को देखा है जिसमें भारतीय सेना ने पराक्रम दिखाते हुए अपने शौर्य का परचम लहराया। इसलिए इस बार की तिरंगा यात्रा हमें दोगुने उत्साह के साथ आयोजित करनी है। इसके साथ ही स्वतंत्रता प्राप्ति के पूर्व देश के विभाजन की त्रासदी को आज की पीढ़ी को बताने के लिए विभाजन विभीषिका दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे।
जिला संगठन प्रभारी श्री महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुडे स्मारकों, युद्ध स्मारकों और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक मंडल में युद्धवीरों, शहीद पुलिसकर्मियों के निवास पहुंचकर उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, 16 अगस्त को जन्माष्टमी पर पितृपुरूष स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे की जन्म जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटलबिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि कार्यक्रमों को बूथ स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
बैठक को आईटी सेल के जिला संयोजक श्री विश्व विजय सिंह, तिरंगा प्रभारी श्री इंद्रजीत सिंह राजपूत एवं सह प्रभारी श्री अश्विनी राय ने भी संबोधित किया।
इस दौरान जिला महामंत्री श्री जगदीश यादव, एमआईसी मेंबर पार्षद श्रीमती सुषमा बबीसा मंचासीन रहीं। बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, प्रकोष्ठ के संयोजक उपस्थित थे।

