अपराधमध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश पुलिस की संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही,पुलिस ने 1 करोड़ 11 लाख रूपए से अधिक मूल्य की संपत्ति बरामद की


मध्यप्रदेश पुलिस की संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही*
*विगत एक सप्‍ताह में 1 करोड़ 11 लाख रूपए से अधिक की संपत्ति बरामद
भोपाल, 07 अप्रैल 2026। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में विगत एक सप्‍ताह  के दौरान संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध की गई प्रभावी कार्यवाहियों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। विभिन्न जिलों में की गई कार्रवाई के परिणामस्वरूप पुलिस ने 1 करोड़ 11 लाख रूपए से अधिक मूल्य की संपत्ति बरामद की है।

*इंदौर*
इंदौर ग्रामीण के थाना किशनगंज क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर हुई सनसनीखेज लूट की घटना का पुलिस द्वारा गंभीरता से संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई। घटना के पश्चात वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम द्वारा घटना स्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया, साथ ही तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। लगातार प्रयासों के फलस्वरूप आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करते हुए टीम अजमेर (राजस्थान) तक पहुंची, जहां स्थानीय पुलिस एवं जीआरपी के सहयोग से दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा सुनियोजित तरीके से वाहन को पंचर कर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से सोने की चैन के टुकड़े, नगदी, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त वाहन एवं हथियार सहित कुल 31 लाख 68 हजार रूपए की संपत्ति जब्‍त की गई।
इसी क्रम में एक अन्‍य कार्यवाही में थाना कनाडिया, इंदौर पुलिस ने अंतर्राज्यीय शातिर बदमाशों की गैंग के एक सदस्य को हरियाणा के गुड़गांव क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम द्वारा मानेसर (हरियाणा) में तीन दिन तक रुककर ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखते हुए सुनियोजित कार्रवाई की गई और अवसर मिलते ही आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी गया सोने-चांदी के जेवरात एवं घटना में प्रयुक्त कार सहित लगभग 25 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की है।

*टीकमगढ़*
जिले के थाना खरगापुर एवं बम्हौरीकलां क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीक एवं मुखबिर तंत्र के समन्वित उपयोग से गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने  सुनसान घरों की रेकी कर रात्रि में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, चोरी में प्रयुक्त वाहन एवं औजार सहित कुल 18 लाख 88 हजार रूपए की संपत्ति जब्‍त की है।

*कटनी*
जिले के थाना माधवनगर पुलिस ने फिनो पेमेंट बैंक डिस्ट्रीब्यूटर से हुई लगभग 13 लाख रूपए की नगद चोरी का चंद घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से 12 लाख 51 हजार रूपए नगद एवं घटना में प्रयुक्त वाहन जब्‍त किया गया।

*शिवपुरी*
कोतवाली पुलिस द्वारा नकबजनी की दो घटनाओं का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से तीन फ्रिज, मिक्सर, एलईडी टीवी, साउंड सिस्टम, पीतल की धातु की सामग्री एवं चोरी में प्रयुक्त लोडिंग वाहन सहित करीब 5 लाख रूपए की संपत्ति जब्‍त की है।

*उज्जैन*
जिले के थाना घट्टिया पुलिस ने रेस्टोरेंट से चोरी हुए सोने के आभूषण, लेडीज पर्स एवं मोबाइल सहित लगभग 9 लाख रूपए की संपत्ति जब्‍त की है।
वहीं नागदा थाना पुलिस ने मात्र 60 घंटे में चोरी का खुलासा करते हुए 4 लाख 60 हजार रूपए के चांदी के जेवरात जब्‍त कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
*विदिशा*
थाना नटेरन पुलिस ने चोरी का खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्‍जे से नगदी एवं मोबाइल सहित लगभग 2 लाख 07 हजार रूपए की संपत्ति जप्त की है।
एक अन्‍य कार्यवाही में जिले के थाना मुगलसराय पुलिस द्वारा घर में हुई चोरी के प्रकरण का खुलासा करते हुए 01 आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोना एवं नगद सहित 1 लाख रूपए की संपत्ति जब्‍त की है।

*भिण्ड*
जिले के थाना गोहद चौराहा पुलिस द्वारा विगत माह में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से लगभग 1 लाख रूपए की संपत्ति जब्‍त की गई।

*उमरिया*
थाना मानपुर पुलिस ने घर में चोरी करने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर 50 हजार रूपए की संपत्ति जब्‍त की है।
इन कार्यवाहियों में मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीक, साइबर विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर तंत्र का प्रभावी उपयोग करते हुए आरोपियों तक शीघ्र पहुंच बनाई गई। प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु इस प्रकार की सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

Vijay Vishwakarma

Vijay Vishwakarma is a respected journalist based in Bhopal, who reports for Goodluck Media News. He is known for his exceptional reporting skills and extensive knowledge of the region. With a keen eye for detail and a passion for uncovering the truth, he has earned a reputation as a reliable and trustworthy source of news.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button