समुत्कर्ष निःशुल्क कोचिंग संस्थान के नए सत्र का शुभारंभ राज्यपाल मंगुभाई पटेल करेंगे, सोमवार 9 मार्च को
भोपाल-विद्या भारती मध्यभारत प्रांत के मार्गदर्शन में सरस्वती शिशु मंदिर के पूर्व छात्रों द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए संचालित ‘समुत्कर्ष’ पूर्णतः निःशुल्क कोचिंग संस्थान के नए सत्र का शुभारम्भ कार्यक्रम सोमवार 9 मार्च को अपराह्न 4 बजे सरस्वती विद्या प्रतिष्ठान ‘प्रज्ञादीप’, हर्षवर्धन नगर में किया जाएगा।
कार्यक्रम मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्या भारती के अखिल भारतीय अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कान्हेरे करेंगे। विद्या भारती मध्यभारत के प्रान्त संगठन मंत्री निखिलेश महेश्वरी एवं भाऊराव देवरस सेवा न्यास के अध्यक्ष बनवारी लाल सक्सेना विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समुत्कर्ष कोचिंग संस्थान के संयोजक श्री सुधांशु गोयल ने बताया कि इस वर्ष 120 विद्यार्थियों के प्रवेश के साथ नया शैक्षणिक सत्र प्रारंभ किया जा रहा है। इस संस्थान का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को यूपीएससी, मप्र पीएससी, बैंकिंग, रेलवे एवं एसएससी आदि प्रतियोगी परीक्षाओं की उच्च स्तरीय तैयारी निःशुल्क उपलब्ध कराना है।



