सिंहस्थ महापर्व के अस्थायी कार्यों के लिए एक समग्र एवं प्रभावी कार्य योजना तैयार की जाए- संभागायुक्त आशीष सिंह

उज्जैन, 29 मार्च-सिंहस्थ 2028 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए प्रशासन द्वारा तैयारियों को गति प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में रविवार को सिंहस्थ मेला कार्यालय में संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिंहस्थ के दौरान किए जाने वाले विभिन्न अस्थायी कार्यों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तावित अस्थायी कार्यों की समीक्षा करते हुए मेला क्षेत्र के समतलीकरण, जल प्रदाय व्यवस्था, घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय एवं स्नानगृह निर्माण, कचरा संग्रहण एवं प्रबंधन, शहर के सौंदर्यीकरण सहित अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों द्वारा इन कार्यों के क्रियान्वयन की रूपरेखा एवं संभावित चुनौतियों पर भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए गए।
संभागायुक्त सह मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग अपने-अपने प्रस्तावित अस्थायी कार्यों की सूची अंतिम रूप में शीघ्र प्रस्तुत करें, ताकि समयबद्ध तरीके से कार्यों का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि अस्थायी कार्यों के लिए एक समग्र एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में जिला कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह एवं नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





