बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण, जिला स्तरीय स्लोगन एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता तथा पर्यावरण जागरूकता विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया

भोपाल, 5 जून 2026। बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ के अंतर्गत उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान, भोपाल में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण, जिला स्तरीय स्लोगन एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता तथा पर्यावरण जागरूकता विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. भरत व्यास (विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी, कार्यालय माननीय उच्च शिक्षा मंत्री, वरिष्ठ शिक्षाविद्, विचारक एवं चिंतक) रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. प्रज्ञेश कुमार अग्रवाल (संचालक, उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान, भोपाल) ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री मनोज अग्निहोत्री (राज्य समन्वयक, राष्ट्रीय सेवा योजना, मध्यप्रदेश), डॉ. अनंत कुमार सक्सेना (कार्यक्रम समन्वयक, राष्ट्रीय सेवा योजना, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल) तथा श्री राहुल सिंह परिहार (कार्यक्रम अधिकारी, मुक्त इकाई, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल एवं ईटीआई प्रशिक्षक) उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार से सम्मानित आयुषी सिन्हा की विशेष उपस्थिति भी रही।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण से किया गया। इस अवसर पर मुनगा (सहजन), नीम एवं पीपल के पौधे रोपे गए। तत्पश्चात मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।आयुषी सिन्हा ने प्रस्तुतीकरण (PPT) के माध्यम से स्वयंसेवकों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी प्रदान की। उन्होंने युवाओं को RRR (Reduce, Reuse, Recycle), सीड बॉल निर्माण, मिट्टी के खिलौनों के उपयोग तथा वर्षा जल संचयन (Rain Water Harvesting) जैसे नवाचारों को अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा इन्हें दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
मुख्य अतिथि डॉ. भरत व्यास ने अपने उद्बोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत स्वयं से होती है। उन्होंने प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने, बिजली की अनावश्यक खपत रोकने, भोजन की बर्बादी से बचने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे उपायों को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक व्यक्ति स्वयं परिवर्तन का संकल्प लेगा, तभी समाज और पर्यावरण में सकारात्मक बदलाव संभव होगा। इस अवसर पर उन्होंने सभी उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई।कार्यक्रम के दौरान श्री राहुल सिंह परिहार द्वारा विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण करने हेतु प्रेरित किया गया। उन्होंने युवाओं से अपने घर, मोहल्ले एवं आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। साथ ही विद्यार्थियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने एवं जनजागरूकता फैलाने के लिए प्रोत्साहित किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा प्रकृति संरक्षण के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान, भोपाल के संचालक डॉ. प्रज्ञेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. इंदिरा बर्मन के नेतृत्व में किया गया
।







