मंडी बोर्ड आयुक्त-सह-प्रबंध संचालक श्री राघवेन्द्र सिंह ने किया इंदौर मंडी का आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने के दिए निर्देश।

मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के आयुक्त-सह-प्रबंध संचालक श्री राघवेन्द्र सिंह (IAS) ने दिनांक 22.10.2026 गुरुवार को कृषि उपज मंडी समिति, इंदौर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
आयुक्त श्री सिंह ने कहा कि किसानों को सरल, पारदर्शी एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना मंडी बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को किसान हित को केंद्र में रखते हुए मंडी की व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ई-मंडी एवं ई-नाम (e-NAM) प्रणाली, ई-नाम लैब, पेमेंट काउंटर, ग्रेन एनालाइजर मशीन, कृषक विश्राम गृह, कैंटीन, पेयजल, स्वच्छता एवं सूचना प्रसारण व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त नीलामी शेड, सीसी रोड, शौचालय, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों तथा प्रस्तावित ग्रेडिंग एवं क्लीनिंग प्लांट के लिए चिह्नित स्थल का भी अवलोकन किया।
मंडी सचिव श्री ओ.पी. खेड़े ने अवगत कराया कि मंडी परिसर में प्रतिदिन लगभग 30 से 35 हजार व्यक्तियों तथा 8 से 10 हजार वाहनों का आवागमन होता है। इस पर आयुक्त श्री सिंह ने फल एवं सब्जियों की आवक-जावक के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा नीलामी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से किसान हित में सभी व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण यंत्री श्री मधुकर पंवार, संयुक्त संचालक श्री प्रवीण वर्मा, मंडी सचिव श्री ओ.पी. खेड़े, कार्यपालन यंत्री श्री पी.एल. घाघरे, सहायक यंत्री श्री कमलाकर सिंह बघेल, उपयंत्री श्री मनोज चौधरी, निज सहायक श्री अनिल कुमार चौरे एवं मंडी निरीक्षक श्री राधेश्याम ठाकुर उपस्थित रहे।







