ओरछा में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 13 श्रद्धालु घायल, प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने दिए समुचित उपचार के निर्देश

निवाड़ी जिले के ओरछा थाना अंतर्गत नाराई चौकी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 13 श्रद्धालु घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही निवाड़ी जिले के प्रभारी मंत्री एवं मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने मामले का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन एवं चिकित्सकों को घायलों के समुचित उपचार के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन एवं पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को उपचार के लिए यथार्थ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु रतनगढ़ से दर्शन कर अपने घर ग्राम हनौता, थाना पलेरा, जिला टीकमगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान ओरछा थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से यह हादसा हो गया। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रभारी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रशासन को उनके उपचार एवं आवश्यक सहायता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



