अभाविप मध्यभारत प्रान्त की एकदिवसीय महाविद्यालय अध्यक्ष मंत्री बैठक भोपाल में संपन्न

भोपाल। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, मध्य भारत प्रांत की एक दिवसीय महाविद्यालय अध्यक्ष–मंत्री बैठक भोपाल में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक को विशेष रूप से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के उत्तर पूर्व क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री घनश्याम शाही जी का सानिध्य प्राप्त हुआ। बैठक में मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री चेतस सुखाड़िया ,मध्यभारत प्रांत अध्यक्ष प्राध्यापक धर्मेंद्र राजपूत , प्रांत मंत्री श्री केतन चतुर्वेदी एवं प्रांत संगठन मंत्री श्री रोहित दुबे की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक गतिविधियों पर व्यापक चर्चा की गई। विशेष रूप से वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “वंदे मातरम् ऑन कैंपस” अभियान को प्रभावी रूप से चलाने का निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत महाविद्यालय परिसरों में राष्ट्रगीत, संगोष्ठी, देशभक्ति गीत एवं विचार गोष्ठियों के माध्यम से राष्ट्रभाव जागृत करने की योजना बनाई गई।
इसके साथ ही युवाओं के बीच बढ़ते मोबाइल उपयोग को ध्यान में रखते हुए “स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम” अभियान पर विस्तार से चर्चा हुई। इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को खेल, पुस्तक पठन, समूह चर्चा, व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने का संकल्प लिया गया।
बैठक में कैंपस में चल रही विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की अटेंडेंस प्रतिशत बढ़ाने के लिए नवाचारों पर विचार किया गया। सुझाव दिए गए कि नियमित कक्षा संवाद, मेंटरशिप प्रणाली, विषय-आधारित प्रतियोगिताएं, तथा प्रेरक व्याख्यानों के माध्यम से छात्रों की शैक्षणिक सहभागिता बढ़ाई जा सकती है।
अपने उद्बोधन में श्री घनश्याम शाही जी ने कहा कि परिषद का कार्य केवल संगठन विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण की दीर्घकालीन साधना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक परिसर में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण निर्मित करें, छात्र हितों के प्रश्नों को मजबूती से उठाएं तथा समाज जीवन में नेतृत्वकारी भूमिका निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने आचरण, अनुशासन और अध्ययनशीलता से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बने।
बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। उपस्थित सभी महाविद्यालय अध्यक्षों एवं मंत्रियों ने आगामी समय में परिषद के अभियानों को प्रत्येक कैंपस तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का संकल्प लिया।






