न पैर छुएं, न जूते-चप्पल उतारें,कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना की अनोखी पहल

भोपाल। मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने आमजन और कार्यकर्ताओं से एक सादगीपूर्ण अपील की है। उन्होंने कहा कि उनसे मिलने या स्वागत के दौरान न तो पैर छुए जाएं और न ही उनके कार्यालय में जूते-चप्पल उतारे जाएं।
मंत्री कंषाना ने स्पष्ट किया कि सम्मान प्रकट करने के कई सभ्य और सरल तरीके होते हैं, जैसे हाथ जोड़कर अभिवादन करना या हाथ मिलाना। उन्होंने कहा, “मैं भी आप ही की तरह एक सामान्य इंसान हूं। मेरे पैर छूकर मुझे शर्मिंदा न करें — मुझसे हाथ मिलाइए और खुलकर बात कीजिए।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं और नागरिकों से आग्रह किया कि वे सीधे संवाद करें और जनसेवा से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा करें। श्री कंषाना मंत्री ने यह भी कहा कि जनता का प्रेम और विश्वास ही उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है।
कृषि मंत्री श्री कंषाना ने भरोसा दिलाया कि वे इसी भावना के साथ प्रदेश के किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। उनकी यह पहल राजनीति में सादगी, समानता और आत्मसम्मान की सकारात्मक मिसाल के रूप में देखी जा रही है।




