सम्राट विक्रमादित्य सैनिक स्कूल का लोकार्पण एवं अतिरिक्त भवन का भूमि पूजन

भोपाल । विद्या भारती मध्यभारत प्रांत द्वारा प्रस्तावित सम्राट विक्रमादित्य सैनिक स्कूल के प्रथम चरण का लोकार्पण तथा अतिरिक्त भवन के निर्माण कार्य हेतु भूमि पूजन समारोह शुक्रवार, 28 नवंबर 2025 को दोपहर 2:00 बजे ग्राम बगवाड़ा, तहसील बुधनी, जिला सीहोर में आयोजित किया जाएगा।
इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सरकार द्वारा मनोनीत निदेशक, एनएचडीसी लिमिटेड सीए श्री अरुण डागा उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती माया नारोलिया, राज्यसभा सांसद द्वारा की जाएगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री मोहनलाल गुप्ता, अध्यक्ष, सरस्वती विद्या प्रतिष्ठान मध्यप्रदेश, भोपाल की विशेष उपस्थिति रहेगी ।
विद्यालय के प्रथम चरण के लोकार्पण के साथ ही अतिरिक्त भवन के निर्माण का शुभारंभ होने से क्षेत्र में सैनिक शिक्षा सहित संस्कारित राष्ट्रीय चरित्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विद्या भारती द्वारा संचालित यह सैनिक स्कूल छात्रों में देशभक्ति, अनुशासन, शारीरिक क्षमता एवं उच्च नैतिक मूल्यों के विकास के उद्देश्य से स्थापित किया जा रहा है।
डॉ. शिरोमणि दुबे, प्रादेशिक सचिव, सरस्वती विद्या प्रतिष्ठान, मध्यप्रदेश ने सभी शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस गरिमामयी समारोह में उपस्थिति देकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।




