अंतर महाविद्यालयीन क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ एवं शारीरिक शिक्षा विभाग की इंटराम्यूरल प्रतियोगिताओं 2025-26 का उद्घाटन

भोपाल। मध्य प्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत आयोजित अंतर महाविद्यालयीन क्रिकेट प्रतियोगिता का आज शुभारंभ किया गया। प्रथम मैच शा नवीन महाविद्यालय एवं शा बाबूलाल गौर महाविद्यालय भेल के बीच में हुआ मैच प्रारंभ होने के कुछ ही देर बाद तेज बारिश के कारण आज का मैच रद्द कर दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय, भोपाल के कुलगुरु प्रो. दीनदयाल बेदिया थे।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग की इंटराम्यूरल (आंतरिक खेल) प्रतियोगिताओं के उद्घाटन समारोह का भी आयोजन किया गया। विभाग के विद्यार्थियों को चार हाउस में विभाजित किया गया है, जिनके नाम मध्य प्रदेश की प्रमुख नदियों के नाम पर नर्मदा, क्षिप्रा, बेतवा एवं चंबल रखे गए हैं।
इंटर-हाउस प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सहभागिता का अवसर प्राप्त होगा। इन गतिविधियों से विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क एवं आपसी सहयोग जैसे गुणों का विकास होता है। साथ ही, विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास को भी प्रोत्साहन मिलता है।





