मध्य प्रदेश

ग्वालियर पुलिस की ऑपरेशन मुस्कान के तहत संवेदनशील एवं त्वरित कार्रवाई,गुम हुए 6 वर्षीय बालक को रातभर सर्च ऑपरेशन चलाकर कुछ ही घंटों में सकुशल परिजनों से मिलाया



भोपाल, 03 जून 2026 मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत गुमशुदा बच्चों की तलाश एवं सुरक्षित दस्तयाबी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ग्वालियर पुलिस ने संवेदनशीलता, तत्परता एवं समन्वित प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक 6 वर्षीय बालक को गुम होने के कुछ ही घंटों के भीतर सकुशल खोजकर उसके परिजनों के सुपुर्द किया।
02 जून को ग्वालियर जिले के थाना पुरानी छावनी क्षेत्र स्थित रूद्रपुरा से एक 6 वर्षीय बालक के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई। बालक के परिजन द्वारा बताया गया कि वह अपने परिवार के साथ निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में मजदूरी का कार्य कर रहा है तथा बालक खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया।
नाबालिग बालक के गुम होने की सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह के निर्देशन में तत्काल विशेष पुलिस दल का गठन कर बालक की सुरक्षित तलाश हेतु जिलेभर में समन्वित कार्रवाई शुरू की गई।
सर्च अभियान में थाना पुरानी छावनी पुलिस के अतिरिक्त पुलिस लाइन से विशेष बल तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों सहित लगभग 200 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगाया गया। बालक की तलाश के लिए क्षेत्र में व्यापक सर्चिंग की गई, सीसीटीवी फुटेजों का परीक्षण किया गया तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, ढाबों और अन्य संभावित स्थानों पर गहन जांच की गई। इसके साथ ही सार्वजनिक परिवहन वाहनों की भी सघन जांच की गई तथा जिले के समस्त थाना क्षेत्रों एवं सीमावर्ती क्षेत्रों को तत्काल सूचना प्रसारित कर अलर्ट किया गया।
पुलिस टीमों के निरंतर प्रयासों एवं रात्रिभर चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान बालक को देर रात रूद्रपुरा क्षेत्र में एक ट्रॉली के भीतर सुरक्षित अवस्था में सोते हुए खोज लिया गया। पुलिस द्वारा बालक को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
बालक के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने ग्वालियर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की त्वरित, संवेदनशील एवं मानवीय कार्यप्रणाली की सराहना की। ग्वालियर पुलिस की यह सफलता पुलिस की सजगता, मानवीय संवेदनशीलता एवं जनसेवा के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है।
मध्यप्रदेश पुलिस प्रदेश के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है तथा गुमशुदा बच्चों की खोज एवं पुनर्वास के लिए ऑपरेशन मुस्कान के माध्यम से लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।

Vijay Vishwakarma

Vijay Vishwakarma is a respected journalist based in Bhopal, who reports for Goodluck Media News. He is known for his exceptional reporting skills and extensive knowledge of the region. With a keen eye for detail and a passion for uncovering the truth, he has earned a reputation as a reliable and trustworthy source of news.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button