बरकतउल्ला विवि के इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में संचालित एम.एससी. इलेक्ट्रॉनिक्स कोर्स में बड़ा बदलाव- अब IoT और AI के साथ नया कोर्स, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एवं वर्तमान परिदृश्य के अनुसार हो रहे तकनीकी बदलावों को ध्यान में रखते हुए बरकतउल्ला विवि के इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में संचालित *एम.एससी. इलेक्ट्रॉनिक्स* पाठ्यक्रम में महत्वपूर्ण संशोधन किया गया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से इस कोर्स को *एम.एससी. (Electronics, IoT and AI)* के रूप में संचालित किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, वर्तमान समय में Internet of Things (IoT) और Artificial Intelligence (AI) तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र हैं, जिनकी उद्योगों में काफी मांग है। इसी को ध्यान में रखते हुए पारंपरिक इलेक्ट्रॉनिक्स पाठ्यक्रम को आधुनिक तकनीकों के साथ जोड़ा जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को नवीनतम ज्ञान और कौशल प्रदान किया जा सके।
इस संबंध में इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. एन.के. गौर ने बताया कि यह नया कोर्स पूरी तरह से इंडस्ट्री की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि इसमें छात्रों को आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें। नए पाठ्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि इसमें छात्रों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि प्रायोगिक और उद्योग-आधारित प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप की व्यवस्था की जाएगी, जिससे उन्हें वास्तविक कार्य अनुभव प्राप्त होगा और वे उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार हो सकेंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस कोर्स को करने वाले छात्रों के लिए रोजगार के अवसरों में तो उल्लेखनीय वृद्धि होगी ही, साथ ही साथ IoT और AI आधारित स्टार्टअप और रिसर्च के क्षेत्र में भी संभावनाएं बढ़ेंगी। इस पहल को छात्रों के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो उन्हें आधुनिक तकनीकी युग के अनुरूप सक्षम और प्रतिस्पर्धी बनाएगा।



