खालसा हाइयर सेकेंडरी स्कूल में 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

खालसा हाइयर सेकेंडरी स्कूल, राम नगर, भोपाल में 26 जनवरी को 77वीं गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, अनुशासन एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य विशिष्ट अतिथि के रूप में सरदार मोहन सिंह जी, सरदार केसर सिंह जी, सरदार तेजकुल पाल सिंह जी, , सरदार रघुवीर सिंह जी, सरदार हैपी सिंह, सरदार लाइक सिंह जी एवं सरदार चरणजीत सिंह वीर जी की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने समारोह की शोभा बढ़ाई।
समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसे मुख्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा संपन्न कराया गया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान गाया गया, जिससे संपूर्ण परिसर देशभक्ति की भावना से ओत प्रोत हो गया। इसके उपरांत अतिथियों का पौधा भेंट कर सम्मान किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण एवं हरित संदेश का प्रतीक रहा।
इसके पश्चात कार्यक्रम की शुरुआत नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा शबद के गायन से हुई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं भावपूर्ण बना दिया। स्वागत भाषण विद्यालय की सह प्राचार्या अपर्णा मैम द्वारा प्रस्तुत किया गया। छोटे-छोटे बच्चों के स्वागत नृत्य ने सभी उपस्थितजनों का मन मोह लिया। इसके बाद सरस्वती वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विधिवत शुरुआत हुई।
कार्यक्रम के अगले चरण में विद्यार्थियों द्वारा संविधान पर आधारित नाट्य प्रस्तुति प्रस्तुत की गई, जिसमें भारतीय संविधान के मूल सिद्धांतों, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। साथ ही विद्यार्थियों ने हिंदी एवं अंग्रेज़ी भाषणों के माध्यम से गणतंत्र दिवस के महत्व, लोकतंत्र की मजबूती और राष्ट्रनिर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के मध्य में विद्यालय के होनहार छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक एवं राह-पाठ्यक्रम उपलब्धियों के लिए पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों का उत्साह एवं आत्मविश्वास और अधिक बढ़ा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में कम्युनिटी हेल्पर्स पर आधारित नृत्य, रानी लक्ष्मीबाई के शौर्य पर आधारित प्रस्तुति, देशभक्ति गीत पर नृत्य, राजस्थानी लोकनृत्य, लावणी, कालबेलिया, घूमर, गिद्धा, दादरा नृत्य तथा कव्वाली जैसी विविध एवं रंगारंग प्रस्तुतियाँ शामिल रहीं। विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास एवं उत्साह के साथ अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।
मुख्य विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों को अपनाने, देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन की प्रशंसा करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती कंवलजीत कौर जी द्वारा विद्यालय में पधारे समस्त विशेष अतिथियों, शिक्षकगण एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के अंत में समस्त छात्र-छात्राओं को मिष्ठान वितरण किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान के साथ समारोह का गरिमामयी समापन हुआ।









