पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय भोपाल में मध्यप्रदेश पुलिस की ‘सांख्यिकी डाटा पुस्तिका-2025’ का विमोचन किया,

मध्यप्रदेश पुलिस में 2,673 नए पदों की वृद्धि, थानों और वाहनों की संख्या भी बढ़ी
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के संगठनात्मक ढांचे और संसाधनों में विस्तार हुआ है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय भोपाल में मध्यप्रदेश पुलिस की ‘सांख्यिकी डाटा पुस्तिका-2025’ का विमोचन किया। इस पुस्तिका में पुलिस विभाग की संरचना, स्वीकृत पदों, संसाधनों और उपलब्धियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल की गई हैं।
पुस्तिका के अनुसार, वर्ष 2025 में मध्यप्रदेश पुलिस के स्वीकृत बल में 2,673 नए पदों की वृद्धि हुई है। इनमें एफएसएल के 1,266, पुलिस बैंड के 932, हॉक फोर्स के 325 और उज्जैन जिला बल के 150 पद शामिल हैं।
वहीं, प्रदेश में पुलिस थानों की संख्या 1,173 से बढ़कर 1,175 हो गई है। उज्जैन में दो नए पुलिस थानों की स्थापना के बाद यह बढ़ोतरी दर्ज की गई। पुलिस वाहनों की संख्या भी 1,150 से बढ़कर 1,200 हो गई है।
पुस्तिका में 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2025 तक के आंकड़े शामिल किए गए हैं। इसमें डायल-112 सेवा और पुलिस के आवासीय संसाधनों से संबंधित जानकारियों को भी अपडेट किया गया है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, पुस्तिका का डिजिटल संस्करण मध्यप्रदेश पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विभागीय आंकड़े आसानी से मिल सकेंगे।
इस अवसर पर एडीजी योजना योगेश चौधरी, आईजी योजना अभय सिंह, डीआईजी विनीत कपूर सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
#MadhyaPradeshPolice #MPPolice #BhopalNews #KailashMakwana #PoliceHeadquarters #MPNews #PoliceDepartment #MadhyaPradeshNews






