मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर तीन दिवसीय ‘राज्योत्सव’ 1 से 3 नवंबर तक

भोपाल-संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने बताया कि मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर लाल परेड ग्राउंड में 01 से 03 नवम्बर, 2026 तक तीन दिवसीय ‘राज्योत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 01 नवम्बर, 2026 को स्थापना दिवस के मुख्य समारोह और विभिन्न राज्यस्तरीय प्रदर्शनियों का विधिवत मंगलारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सुबह 11 बजे लाल परेड ग्राउंड में आधुनिक कृषि प्रदर्शनी, विकास दीर्घा, महिला उद्यमिता मंडप और देशज व्यंजन मेले का उद्घाटन कर अवलोकन करेंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे से मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मुख्य आतिथ्य में मुख्य सांस्कृतिक संध्या और समारोह का गरिमामय शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव राज्योत्सव के माध्यम से प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए जनकल्याण और विकास के नए संकल्पों की रूपरेखा साझा करेंगे।

मध्यप्रदेश की सात दशकों की गौरवशाली विकास यात्रा, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए मध्‍यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा यह राज्यस्तरीय समारोह गरिमामय स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय उत्सव में प्रतिदिन सुगम संगीत, लोक एवं जनजातीय प्रस्तुतियां, वाद्यवृंद, भव्य आतिशबाजी,  हस्तशिल्प और विकास प्रदर्शनियों के साथ-साथ देशज व्यंजनों का मेला लगेगा, जो नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।

*प्रदेश के 102 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को मिलेगी भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति*
शिक्षा और शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश के 102 मेधावी विद्यार्थियों को ‘भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति’ और प्रशस्ति-पत्र प्रदान करेंगे। संस्कृति विभाग के अंतर्गत श्रीकृष्ण पाथेय न्यास द्वारा संचालित इस योजना में प्रत्येक चयनित मेधावी विद्यार्थी को एक लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। जिलावार चयन में खंडवा जिले से सर्वाधिक 6 विद्यार्थी चयनित हुए हैं। इसके अलावा अशोकनगर, बड़वानी, नर्मदापुरम, सिवनी, सिंगरौली और उमरिया से 4-4 विद्यार्थी तथा बुरहानपुर, छतरपुर, गुना, झाबुआ, कटनी, मऊगंज, सागर, सतना, श्योपुर और उज्जैन से 3-3 विद्यार्थियों को इस प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति के लिए चुना गया है।

*‘किसान स्वाभिमान पर्व क्विज’ के 165 विजेताओं को मुख्यमंत्री द्वारा 55 ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल और ई-स्कूटर का होगा वितरण*
कृषि ज्ञान और शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आयोजित ‘किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज’ के 165 विजेताओं को मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। वीर भारत न्यास एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस ऑनलाइन प्रतियोगिता में प्रदेशभर के लगभग 40 हजार किसानों ने भाग लिया था, जिनमें से शत-प्रतिशत अंक लाने वाले 15,298 प्रतिभागियों की मेरिट से लॉटरी द्वारा 55 जिलों के 165 विजेताओं का चयन किया गया है। प्रत्येक जिले के तीन विजेताओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में 55 ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 55 बुलेट मोटरसाइकिल और तृतीय पुरस्कार के रूप में 55 ई-स्कूटर प्रदान किए जा रहे हैं। भोपाल जिले के विजेताओं को मुख्यमंत्री स्वयं सम्मानित करेंगे, जबकि अन्य जिलों में प्रभारी मंत्रियों द्वारा पुरस्कार बांटे जाएंगे।

*‘विरासत से विकास के पथ की ओर अग्रसर प्रदेश’ की मूल अवधारणा पर आधारित होगा संपूर्ण आयोजन*
राज्य मंत्री श्री लोधी ने बताया कि इस वर्ष स्थापना दिवस समारोह की केंद्रीय थीम ‘विरासत से विकास के पथ की ओर अग्रसर प्रदेश’ रखी गई है। यह अवधारणा मध्यप्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और जनजातीय जड़ों को संरक्षित रखते हुए अधोसंरचना, कृषि, औद्योगिक निवेश, पर्यटन, तकनीकी नवाचार और रोजगार सृजन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ते आत्मनिर्भर प्रदेश के संकल्प को रेखांकित करती है। खेतों में अन्न उपजाते किसानों का परिश्रम, युवाओं के नवप्रयास, महिलाओं की भागीदारी और लोकपरंपराएं मिलकर विकसित मध्यप्रदेश की नींव रख रही हैं। यह समारोह अतीत के गौरव का स्मरण, सशक्त वर्तमान का उत्सव और समृद्ध भविष्य के सामूहिक निर्माण का सशक्त प्रतीक है।

*‘राजा भोज का भोपाल’ पर 160 वाटर कलर चित्रों की प्रदर्शनी, आधुनिक कृषि तकनीक, महिला उद्यमिता मंडप और ‘स्वाद-देशज व्यंजन मेला’ रहेंगे प्रमुख आकर्षण*
लाल परेड ग्राउंड में आयोजित बहुआयामी प्रदर्शनियों में महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ द्वारा आयोजित कार्यशाला में वरिष्ठ चित्रकारों द्वारा तैयार ‘राजा भोज का भोपाल’ विषयक 160 वॉटर कलर चित्रों की प्रदर्शनी लगाई जा रही है, जो भोपाल परिक्षेत्र की प्राचीन विरासत को दर्शाएगी। इसके साथ ही कृषि प्रदर्शनी में उन्नत बीज, जैविक इनपुट्स, स्मार्ट सिंचाई और एग्री-स्टार्टअप्स के नवाचार प्रदर्शित होंगे। महिला उद्यमिता मंडप व किसान बाजार में स्व-सहायता समूहों के उत्पाद और हस्तशिल्प बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। वहीं ‘स्वाद-देशज व्यंजन मेला’ में मालवा, निमाड़, बुंदेलखंड, बघेलखंड और महाकोशल के व्यंजनों का अनूठा स्वाद नागरिकों के लिए प्रतिदिन दोपहर 12 से रात्रि 8 बजे तक उपलब्ध रहेगा।

*31 अक्टूबर को लोक एवं जनजातीय कलाकारों के साथ भोपाल के चार प्रमुख मार्गों से निकाली जाएंगी सांस्कृतिक गौरव यात्राएं*
स्थापना दिवस में जनसहभागिता बढ़ाने और नागरिकों को सांस्कृतिक चेतना से जोड़ने के लिए पूर्वरंग में 400 से अधिक लोक एवं जनजातीय कलाकारों के साथ सांस्कृतिक गौरव यात्राएं निकाली जा रही हैं। 30 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से संत हिरदाराम नगर से लाल परेड ग्राउंड तथा जवाहर चौक से मंडीदीप तक यात्राएं निकाली गईं। वहीं, 31 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से पहली यात्रा ज्योति टॉकीज से प्रारंभ होकर बोर्ड ऑफिस चौराहा, 10 नंबर मार्केट, शाहपुरा लेक, कोलार रोड, नेहरू नगर और नीलबड़ होते हुए रातीबड़ पहुंचेगी। इसी दिन दूसरी यात्रा बैरसिया से शुरू होकर नादरा बस स्टैंड, अशोका गार्डन, गोविंदपुरा, पिपलानी और अयोध्या नगर होते हुए आनंद नगर में संपन्न होगी। इन यात्राओं के जरिए आमजन को प्रदेश की समृद्ध लोककलाओं, वाद्ययंत्रों और जनजातीय परंपराओं को साक्षात देखने का अवसर मिलेगा।

*‘देशराग’ के अंतर्गत 1 नवंबर को 71 बच्चों द्वारा राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन, पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान एवं भव्य आतिशबाजी*
मुख्य समारोह की संध्या का औपचारिक शुभारंभ 01 नवम्बर को शाम 6:30 बजे राष्ट्रीय चेतना और देशभक्ति के वातावरण में होगा। इस अवसर पर ‘देशराग’ प्रस्तुति के अंतर्गत 71 बच्चों द्वारा राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ का सुमधुर एवं भावपूर्ण सामूहिक गायन किया जाएगा, जो मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना वर्ष का प्रतीक बनेगा। इसके पश्चात मध्यप्रदेश पुलिस के सुसज्जित पुलिस बैंड द्वारा गरिमामयी राष्ट्रगान प्रस्तुत किया जाएगा। राष्ट्रीय एकता और स्वाभिमान से सराबोर इन प्रस्तुतियों के उपरांत लाल परेड ग्राउंड के खुले आकाश में होने वाली भव्य और नयनाभिराम आतिशबाजी संपूर्ण वातावरण को उल्लास से भर देगी।

*राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता पार्श्व गायिका सुश्री मोनाली ठाकुर द्वारा सुगम संगीत का गायन*
उद्घाटन संध्या का विशेष सांगीतिक आकर्षण राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार एवं फिल्मफेयर अवार्ड से सम्मानित विख्यात पार्श्व गायिका सुश्री मोनाली ठाकुर एवं साथी, मुंबई की सुगम संगीत प्रस्तुति होगी। फिल्म ‘लुटेरा’ के गीत ‘सवार लूं’ और फिल्म ‘दम लगा के हईशा’ के ‘मोह मोह के धागे’ जैसे कालजयी गीतों से ख्याति प्राप्त मोनाली ठाकुर अपनी सुरीली आवाज और भावपूर्ण गायिकी से समारोह में सुरों का जादू बिखेरेंगी।

*कृषि केन्द्रित संगोष्ठी का आयोजन एवं प्रदर्शन*
स्थापना दिवस समारोह में कृषि विभाग द्वारा कृषि केन्द्रित संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। इस संगोष्ठी में जैविक /प्राकृतिक खेती एवं प्रमाणीकरण, ई विकास – उर्वरक वितरण की एक सुगम एवं प्रभावी पहल, उन्नतशील किस्मों का बीज उत्पादन कार्यक्रम, कृषि विकास में FPO की भूमिका, कृषि यंत्रीकरण एवं नरवाई प्रबंधन, प्रदेश में उद्यानिकी फसलों का भविष्य एवं खाद्य प्रसंस्करण, प्रदेश अंतर्गत पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन, प्रदेश में मत्स्य विकास की सम्भावनायें एवं बैंकों द्वारा विभिन्न योजनाओं अंतर्गत वित्तीय सहायता/ऋण उपलब्धता विषयों पर संगोष्ठी का आयो‍जन किया जा रहा है। साथ ही कार्यक्रमों के दौरान बीज की उन्नतशील किस्मों / हाई ब्रीड, पौध पोषक तत्‍व एवं पौध संरक्षण, कृषि यन्त्र एवं उपकरण तथा सिंचाई यंत्रों का प्रदर्शन, उद्यानिकी तकनीकियों का प्रदर्शन, पशुपालन एवं डेरी विकास द्वारा दुग्ध उत्पादों एवं मवेशियों की विभिन्न उन्नत किस्मों का प्रदर्शन, जैविक उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय, मत्स्य विभाग द्वारा मछलियों की विभिन्न प्रजातियों का प्रदर्शन एवं FPO/SHG/NGO के उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय होगा।

*20 से अधिक लोक एवं जनजातीय नृत्यों, ‘अनुगूँज’ वाद्य संगीत और जैसलमेर के ख्यात लोक गायक मामे खान की प्रस्तुति से राज्योत्सव का होगा समापन*
राज्योत्सव के दूसरे दिन 02 नवम्बर को सायं 6:30 बजे से मध्यप्रदेश के करमा-सैला, भगोरिया, बधाई, मटकी, काठी और अन्य राज्यों के घूमर, भांगड़ा, पंथी, लेझिम सहित 20 से अधिक पारंपरिक नृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी, जिसके बाद ‘अनुगूँज – ब्रीदिंग फिएस्टा’ में वाद्यवृंद संगीत गूंजेगा। समारोह की अंतिम संध्या 03 नवम्बर को लोक नृत्यों के उपरांत जैसलमेर (राजस्थान) के अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त लोक गायक श्री मामे खान और उनके दल की प्रस्तुति होगी। अपनी ऊर्जावान गायिकी और माटी की महक से सजी राजस्थानी धुनों के साथ मामे खान राज्योत्सव का गरिमामय समापन करेंगे।
——————

Vijay Vishwakarma

Vijay Vishwakarma is a respected journalist based in Bhopal, who reports for Goodluck Media News. He is known for his exceptional reporting skills and extensive knowledge of the region. With a keen eye for detail and a passion for uncovering the truth, he has earned a reputation as a reliable and trustworthy source of news.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button