संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा,फ्रीगंज ब्रिज के निर्माण में लापरवाही पर उपयंत्री को नोटिस,हरिफाटक ब्रिज निर्माण ठेकेदार पर पांच लाख रुपये की पेनाल्टी
उज्जैन, 17 अक्टूबर। सिंहस्थ-2028 में श्रद्धालुओ की सुगम यातायात व्यवस्था के लिए बनाये जा रहे, एलिवेटेड ब्रिज निर्माण कार्य की सतत निगरानी करें । दिसंबर माह की समय-सीमा निर्धारित वाले निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से शीघ्र पूर्ण किया जाए। सदावल हेलीपैड का निर्माण कार्य नवंबर माह में अनिवार्य रूप से पूरा करवाएं। उक्त निर्देश संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह ने सिंहस्थ निर्माण कार्यों की समन्वय बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए।
संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए कार्यों को गति दें।
थर्ड पार्टी आडिट रिपोर्ट के आधार पर फ्रीगंज ब्रिज निर्माण में लापरवाही पर संबंधित उपयंत्री को नोटिस जारी करने एवं हरिफाटक ब्रिज निर्माण कार्य से संबंधित ठेकेदार पर पांच लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांस कूमट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



