STF को मिली बड़ी सफलता,ओडिशा से मध्य प्रदेश लाया जा रहा गांजा 599 किलोग्राम, ट्रक सहित जब्त

मध्य प्रदेश STF ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से मध्य प्रदेश लाए जा रहे 599 किलोग्राम गांजा को ट्रक सहित जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये तथा ट्रक की कीमत लगभग 30 लाख रुपये है।
ट्रक में लोहे की चादर से विशेष गुप्त कम्पार्टमेंट बनाया गया था जो बाहर से दिखाई नहीं देता था। इस कम्पार्टमेंट में गांजे के पैकेट्स छिपाकर परिवहन किया जा रहा था।
मध्य प्रदेश STF ने छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश सीमा के पास, जिला अनूपपुर के घने जंगल मार्ग पर यह ट्रक पकड़ा।
पुलिस महानिदेशक मध्य प्रदेश श्री कैलाश मकवाणा के निर्देशन में “नशा से दूरी” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत, मध्य प्रदेश एसटीएफ प्रमुख / विशेष पुलिस महानिदेशक श्री पंकज कुमार श्रीवास्तव के सशक्त मार्गदर्शन में STF इकाई जबलपुर द्वारा यह कार्रवाई की गई।
गोपनीय सूचना पर *पुलिस अधीक्षक STF जबलपुर श्री राजेश सिंह भदौरिया के निर्देशन में दो विशेष टीमें गठित की गईं। इनका नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार तिवारी एवं निरीक्षक श्री गणेश सिंह ठाकुर ने किया*। कार्रवाई के दौरान संभल (ओडिशा) से मैहर (मध्य प्रदेश) जा रहा ट्रक संख्या JH 02BL 7103 को जिला अनूपपुर, थाना जेतहरी के घने जंगल मार्ग से पकड़ा गया। इसमें 599 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
ट्रक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया:
1. अंकित विश्वकर्मा, निवासी जिला सीधी।
2. धनंजय सिंह पटेल, निवासी जिला सतना।
*आरोपियों से गांजे के स्रोत, अवैध परिवहन तथा विक्रेताओं/क्रेताओं से संबंधित जानकारी हेतु विस्तृत पूछताछ की जा रही है*।
उक्त कार्रवाई में सराहनीय भूमिका उप निरीक्षक श्री गोपाल सूर्यवंशी, प्रधानआरक्षक श्रीनिर्मल पटेल, श्री संपूर्णानंद, श्री अंजनी पाठक, श्री विनय कोरी तथा आरक्षक श्री मनीष तिवारी, श्री निलेशदुबे, श्री राहुल रजक, श्री रूपेश राय एवं श्री नारायण प्रसाद की रही।




