मध्य प्रदेश

बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल मे मछलियों एवं अन्य वन्यजीवों की DNA बारकोडिंग आधारित त्वरित पहचान के लिए  को मिला पेटेंट
(पोर्टेबल DNA बारकोडिंग उपकरण से मत्स्य, अन्य वन्य जीवों के अनुसंधान एवं वन्यजीव फॉरेंसिक को मिलेगी नई दिशा ।)



बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल के बायोसाइंस विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. आर.के. गर्ग तथा उनके शोधार्थियों को मछलियों की DNA बारकोडिंग आधारित त्वरित पहचान के लिए एक अभिनव उपकरण पर पेटेंट प्रदान किया गया है। पेटेंट का शीर्षक “PORTABLE FISH DNA BARCODING AND IDENTIFICATION DEVICE” है। यह पेटेंट मछलियों की प्रजाति पहचान, जैव विविधता संरक्षण, मत्स्य अनुसंधान तथा वन्यजीव फॉरेंसिक के क्षेत्र में महत्वपूर्ण वैज्ञानिक उपलब्धि है। विकसित पोर्टेबल उपकरण DNA बारकोडिंग आधारित तकनीक के माध्यम से मछलियों की पहचान को अधिक सुविधाजनक एवं त्वरित पहचान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण नवाचार है।

DNA बारकोडिंग से होगी प्रजातियों की सटीक पहचान

DNA बारकोडिंग एक आधुनिक आणविक तकनीक है, जिसमें जीवों की पहचान उनके DNA के विशिष्ट आनुवंशिक क्षेत्र के आधार पर की जाती है। जानवरों की पहचान के लिए मुख्य रूप से माइटोकॉन्ड्रियल जीन COI (Cytochrome c oxidase subunit I) के लगभग 650 बेस-पेयर लंबे क्षेत्र का उपयोग किया जाता है।

इस प्रक्रिया में सर्वप्रथम मछली या अन्य जीव के छोटे नमूने, जैसे त्वचा, मांस, पंख अथवा अन्य जैविक ऊतक से DNA निकाला जाता है। इसके बाद PCR तकनीक द्वारा DNA के चयनित बारकोड क्षेत्र की अनेक प्रतियां तैयार की जाती हैं। DNA सीक्वेंसिंग के माध्यम से न्यूक्लियोटाइड्स (A, T, C एवं G) के क्रम का विश्लेषण किया जाता है। प्राप्त DNA अनुक्रम का मिलान BOLD (Barcode of Life Data Systems) तथा NCBI GenBank जैसे अंतरराष्ट्रीय डेटाबेस में उपलब्ध आनुवंशिक सूचनाओं से किया जाता है, जिससे संबंधित प्रजाति की पहचान की जा सकती है।

आधुनिक पोर्टेबल DNA सीक्वेंसिंग तकनीक, जैसे Oxford Nanopore MinION, क्षेत्रीय स्तर पर DNA विश्लेषण की संभावनाओं को और बढ़ा रही है। इससे भविष्य में मछलियों की पहचान एवं जैविक नमूनों के विश्लेषण को प्रयोगशाला से बाहर भी अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।

वन्यजीव संरक्षण एवं फॉरेंसिक में महत्वपूर्ण उपयोग

DNA बारकोडिंग तकनीक का प्रमुख लाभ यह है कि इसके माध्यम से जीवों की पहचान उनके छोटे अथवा अधूरे जैविक नमूनों से भी की जा सकती है। यह तकनीक लार्वा, अंडों, ऊतकों तथा अन्य जैविक अवशेषों की पहचान में उपयोगी है।

वन्यजीव अपराधों की जांच में अवैध रूप से प्राप्त मांस, अंगों अथवा अन्य जैविक नमूनों से संरक्षित प्रजातियों की पहचान की जा सकती है। इसके अतिरिक्त, समान दिखाई देने वाली विभिन्न प्रजातियों के बीच आनुवंशिक अंतर स्पष्ट करने, खाद्य पदार्थों एवं सी-फूड में प्रजाति की पुष्टि तथा संभावित मिलावट की जांच में भी DNA बारकोडिंग महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

यह तकनीक मत्स्य संसाधनों के वैज्ञानिक प्रबंधन, जैव विविधता के संरक्षण तथा अवैध वन्यजीव व्यापार की रोकथाम में उपयोगी सिद्ध हो सकती है।

शोधार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान

इस पेटेंट में डॉ. आर.के. गर्ग के साथ शोधार्थी दीपक रघुवंशी, निकिशा महोबिया, गायत्री बाथम, काजल सिंह, शिवानी बागरी एवं नीलिमा माडामे का योगदान रहा है।

यह उपलब्धि बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के बायोसाइंस विभाग में वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार एवं तकनीकी विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का महत्वपूर्ण परिणाम है। पेटेंट प्राप्त होने से विश्वविद्यालय की शोध गतिविधियों तथा बौद्धिक संपदा संरक्षण के क्षेत्र में प्रतिष्ठा को नई उपलब्धि प्राप्त हुई ।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. दीनदयाल बेदिया जी द्वारा डॉ. आर.के. गर्ग एवं शोधार्थियों को बाधायी दी एवं आगे इस प्रकार के शोध कार्यों के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इस प्रकार के अनुसंधान के लिए विश्विद्यालय सभी के लिये हर संभव सहायता प्रदान करेगा ।

Vijay Vishwakarma

Vijay Vishwakarma is a respected journalist based in Bhopal, who reports for Goodluck Media News. He is known for his exceptional reporting skills and extensive knowledge of the region. With a keen eye for detail and a passion for uncovering the truth, he has earned a reputation as a reliable and trustworthy source of news.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button