कोतवाली थाना परिसर भोपाल में वर्षों से जप्तशुदा और लावारिस हालत में खड़े 59 वाहनों का पुलिस एक्ट की धारा 25 के तहत नीलामी की गई

कोतवाली थाना परिसर भोपाल में वर्षों से जप्तशुदा और लावारिस हालत में खड़े 59 वाहनों का पुलिस एक्ट की धारा 25 के तहत नीलामी की गई। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त ज़ोन-3 के निर्देश और माननीय जिला न्यायालय के आदेशों के पालन में की गई, जिससे शासन को कुल ₹1.64 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ।

नीलामी प्रक्रिया विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट और पुलिस उपायुक्त ज़ोन-3 के पर्यवेक्षण में गठित कमेटी की निगरानी में संपन्न हुई। इस कमेटी में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ज़ोन-3 शालिनी दीक्षित, एसीपी कोतवाली अनिल बाजपेई, एसीपी हनुमानगंज सुजीत तिवारी, थाना प्रभारी कोतवाली काशी राम कुशवाहा, SHO तलैया अजय सोनी और प्रधान आरक्षक आशीष कुमार श्रीवास जैसे अधिकारी शामिल रहे।

थाना परिसर में आयोजित इस खुली बोली में लगभग 100 बोलीदाता शामिल हुए। नीलामी में 55 मोटरसाइकिल और 4 चारपहिया वाहन शामिल थे। पूरी प्रक्रिया नियमानुसार, पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई। इससे पहले दैनिक समाचार पत्रों में नीलामी की सूचना सार्वजनिक की गई थी।
पुलिस उपायुक्त रियाज़ इकबाल के सतत निर्देशन में ज़ोन-3 में जप्तशुदा संपत्तियों के निराकरण का अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रक्रिया से न सिर्फ राजस्व अर्जित होता है, बल्कि थानों में स्थान और व्यवस्था भी बेहतर होती है।
प्रधान आरक्षक आशीष श्रीवास (थाना अयोध्या नगर) और प्रधान आरक्षक रामअवतार धनराज (थाना अपराध शाखा) ने पूरी नीलामी प्रक्रिया को विधिक प्रक्रिया के अनुसार संपन्न कराया।



