बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन

बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल के अधिष्ठाता छात्र कल्याण विभाग एवं थाना बागसेवनिया, जोन-2, नगरीय पुलिस, भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में “साइबर सुरक्षा (सेफ क्लिक 2.0) जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन क्षिप्रा सभागार में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी तथा डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में कुलगुरु प्रोफेसर विवेक शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का आह्वान किया तथा कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि एडिशनल डीसीपी सुश्री मिनी शुक्ला ने साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों, ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, फर्जी लिंक, ओटीपी एवं बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के व्यावहारिक उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी साझा न करने तथा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस एवं साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. समर बहादुर सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के समग्र विकास के साथ-साथ उन्हें डिजिटल रूप से सुरक्षित एवं जागरूक बनाने के लिए निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
थाना बागसेवनिया के थाना प्रभारी श्री अमित सोनी ने साइबर अपराधों की रोकथाम, पुलिस द्वारा की जा रही कार्यवाही तथा आम नागरिकों के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए और साइबर अपराधों की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से अवगत कराया।
कार्यक्रम का आभार अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर पवन मिश्रा द्वारा दिया गया। ।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।






