200 से ज्यादा साइकिलिस्ट ने 45 मिनट में 15 किलोमीटर साइकिल चलाई।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए भोपाल में बुधवार सुबह ‘राइड फॉर वोट’ हुई। 200 से ज्यादा साइकिलिस्ट ने 45 मिनट में 15 किलोमीटर साइकिल चलाई। इससे पहले जुंबा पर लोग जमकर थिरके। मौके पर ही उन्हें टी-शर्ट, कैप समेत मूवी टिकट भी दिए गए।
बुधवार सुबह बिट्ठन मार्केट स्थित दशहरा मैदान में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। 7.30 बजे से रैली शुरू हुई। इससे पहले मौजूद लोगों जुंबा किया। वे चुनावी गीत पर जमकर थिरके। इस दौरान उन्होंने मतदान करने की शपथ भी ली। जिला पंचायत सीईओ ऋतुराज सिंह ने सभी को शपथ दिलाई।
रंग-बिरंगी ड्रेस पहनी, मिला इनाम
सहायक नोडल अधिकारी रितेश शर्मा ने बताया, रैली और जुंबा में प्रथम 200 लोगों को टी-शर्ट और कैप दी गई। साथ ही अन्य सरप्राइज गिफ्ट जैसे 50 लकी ड्रॉ मूवी टिकट, बेस्ट फैंसी ट्रेडिशनल ड्रेस, बेस्ट साइकिल कपल्स, बेस्ट साइकिल डेकोरेशन और बेस्ट स्लोगन के लिए भी पुरस्कार दिए गए। इस मौके पर एडीएम हर्षल पंचोली, एसडीएम एलके खरे, सहायक आयुक्त आदिम जाति विभाग सुधीर श्रीवास्तव, स्वीप आइकॉन डॉ. रेणु यादव, उषा खरे, शिवम पांडे, राहुल सिंह परिहार, डीएसपी ट्रैफिक देवेंद्र सिंह यादव आदि भी मौजूद रहे। रंग-बिरंगी ड्रेस पहनने पर अशोक हिंदुस्तानी को अवॉर्ड दिया गया।
यहां से गुजरी साइकिल रैली
बिट्ठन मार्केट से रैली की शुरुआत हुई, जो सात नंबर चौराहा, लिंक रोड नंबर-1, अपेक्स बैंक चौराहा, प्लेटिनम प्लाजा, अटल पथ, डिपो चौराहा, स्मार्ट रोड, पॉलीटेक्निक कॉलेज चौराहा, वीआईपी रोड, कर्बला से होते हुए गौहर महल पहुंची। जहां पर रैली का समापन हो गया। सहायक नोडल अधिकारी शर्मा ने बताया, करीब 15 किलोमीटर रैली रही, जो बिट्ठन मार्केट से गौहर महल तक 45 मिनट में पहुंची।



