संघर्ष, समर्पण और कर्मठता के प्रतीक हैं सदानंद कापसे : कर्मचारियों ने किया सम्मान

भोपाल। मंडी कर्मचारी महासंघ के प्रदेश सचिव सदानंद कापसे के अर्धवार्षिकी पूर्ण होने के अवसर पर साथियों, मित्रों एवं कर्मचारी नेताओं ने उनका पुष्पमालाओं से स्वागत कर मिठाई खिलाकर सम्मान किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और मंगलमय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर राज्य कर्मचारी संघ के जिला संयोजक ठाकुर अरविंद सिंह ने कहा कि सदानंद कापसे ने हमेशा संस्था और कर्मचारियों के हितों को सर्वोपरि रखा है। उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल में निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। मंडी कर्मचारी महासंघ के प्रदेश सचिव के रूप में उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर संतोष सिंह दीक्षित के साथ मिलकर कर्मचारी हितों के लिए निरंतर संघर्ष किया और संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ठाकुर अरविंद सिंह ने कहा कि चाहे कर्मचारी आंदोलन हो, कृषि कानूनों से जुड़ा मुद्दा हो या पुरानी पेंशन बहाली का संघर्ष, सदानंद कापसे ने हमेशा अग्रिम पंक्ति में रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाई। बुरहानपुर, इंदौर, भोपाल, जबलपुर से लेकर दिल्ली के रामलीला मैदान और जंतर-मंतर तक हुए आंदोलनों में उन्होंने सक्रिय भागीदारी निभाई और कर्मचारियों की आवाज बुलंद की।
संयुक्त समस्या समिति के मनीष गंगराड़े ने कहा कि कापसे जी हमेशा अपने कार्य और दायित्वों के प्रति सजग रहे हैं। उन्होंने कभी भी कर्मचारी हितों से समझौता नहीं किया और सदैव मंडी कर्मचारियों के हित में कार्य किया। उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कर्मचारी साथी मोहन कीर्तन ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने सदानंद कापसे के साथ दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के रूप में कार्य किया है। उन्होंने बताया कि नियमितीकरण की लड़ाई में कापसे जी ने कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष किया और कर्मचारियों के अधिकारों के लिए लगातार प्रयास किए। आज कर्मचारियों को जो सम्मान प्राप्त है, उसमें उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। कापसे जी ने सदैव एक सजग प्रहरी की भूमिका निभाई है।
इस अवसर पर उपस्थित साथियों ने सदानंद कापसे के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि जीवन का आगामी समय वे अपने परिवार, समाज और मित्रों के साथ सुखपूर्वक व्यतीत करें तथा उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण हों।
कार्यक्रम में उल्लास पटेल एवं शाहरुख खान सहित अनेक कर्मचारी साथियों ने भी पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर सदानंद कापसे का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में कहा कि सदानंद कापसे संघर्ष, समर्पण और कर्मचारी हितों के प्रति प्रतिबद्धता की मिसाल हैं तथा उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।



