सांसद ज्ञानेश्वर पाटील के सतत प्रयास रंग लाए, ताप्ती मिल कर्मचारियों को बड़ी राहत

-सांसद ज्ञानेश्वर पाटील के सतत प्रयास रंग लाए, ताप्ती मिल कर्मचारियों को बड़ी राहत एक-दो दिन में 11 माह के बकाया वेतन में से दो माह का होगा भुगतान, शेष 9 माह का वेतन दिलाने के लिए भी लगातार प्रयास जारी
बुरहानपुर। लालबाग स्थित ताप्ती मिल के लगभग 750 कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। करीब 11 माह से लंबित वेतन के मामले में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील के लगातार प्रयास अब सकारात्मक परिणाम देने लगे हैं। सांसद की पहल और केंद्र स्तर पर लगातार की गई पैरवी के बाद एक-दो दिनों के भीतर 11 माह के बकाया वेतन में से दो माह के वेतन का भुगतान किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने इस गंभीर विषय को प्रमुखता से उठाते हुए नई दिल्ली में वस्त्र मंत्रालय की सचिव श्रीमती नीलम शमी राव से मुलाकात कर कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया था। उन्होंने बताया था कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों को भारी आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सांसद ने कर्मचारियों के हितों की रक्षा करते हुए बकाया वेतन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का आग्रह किया था।
सांसद के लगातार प्रभावी प्रयासों के परिणामस्वरूप अब एक-दो दिनों में दो माह के बकाया वेतन का भुगतान किया जाएगा। इसे लंबे समय से वेतन की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि दो माह के वेतन का भुगतान पहला कदम है। शेष 9 माह का बकाया वेतन भी कर्मचारियों को जल्द से जल्द मिले, इसके लिए वे वस्त्र मंत्रालय, नेशनल टेक्सटाइल कॉरपोरेशन (एनटीसी) तथा संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं और हर स्तर पर प्रयास जारी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शेष बकाया वेतन का भी जल्द सकारात्मक समाधान होगा।
लगातार प्रयासों के बाद मिली इस राहत से ताप्ती मिल के कर्मचारियों और उनके परिवारों में नई उम्मीद जगी है। कर्मचारियों ने सांसद ज्ञानेश्वर पाटील के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शेष 9 माह का बकाया वेतन भी शीघ्र दिलाए जाने की उम्मीद जताई है।




