नोएडा मीडिया क्लब ने समग्र आत्मनिर्भरता मिशन को दी शुभकामनाएं

नोएडा। देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में शामिल नोएडा मीडिया क्लब ने समग्र आत्मनिर्भरता मिशन को शुभकामनाएं एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी शुभेच्छाएं प्रेषित की हैं। इस संबंध में नोएडा मीडिया क्लब की ओर से एक शुभकामना पत्र जारी किया गया।
नोएडा मीडिया क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान क्लब के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार आलोक द्विवेदी ने अपनी टीम के साथ यह शुभकामना पत्र समग्र आत्मनिर्भरता मिशन के महासचिव दिनेश कुमार गौड़ को प्रदान किया।
इस अवसर पर आलोक द्विवेदी ने कहा कि देश को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों में सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। समग्र आत्मनिर्भरता मिशन द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों को साथ लेकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास सराहनीय है।
समग्र आत्मनिर्भरता मिशन के महासचिव दिनेश कुमार गौड़ ने नोएडा मीडिया क्लब और उसके अध्यक्ष आलोक द्विवेदी सहित पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की शुभकामनाएं और प्रोत्साहन मिशन के कार्यकर्ताओं के उत्साह को बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि मिशन का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ते हुए भारत को वर्ष 2047 तक विकसित, समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के राष्ट्रीय संकल्प में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में शहर के वरिष्ठ नागरिकों सहित मीडिया जगत से जुड़े गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने समग्र आत्मनिर्भरता मिशन के उद्देश्यों की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।






