मध्य प्रदेश

बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय गौरव दिवस


कुलगुरु एवं कुलसचिव ने किया भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान, जल-जंगल-जमीन और जनजातीय अस्मिता के संघर्ष को किया याद
भोपाल,

बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल के शिप्रा सभागार में रविवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए उनके संघर्ष, त्याग, साहस, राष्ट्रभक्ति और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए किए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर विवेक शर्मा एवं कुलसचिव प्रोफेसर समर बहादुर सिंह द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में धार जिले में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह एवं जनजातीय समुदाय के लिए सिंचाई परियोजना से संबंधित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं अन्य मंत्रीगण उपस्थित थे। इसके पश्चात एक लघु फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, सामाजिक चेतना और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रोफेसर विवेक शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अदम्य साहस, संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने अत्यंत कम आयु में जनजातीय समाज को संगठित कर उनके अधिकारों, सम्मान और सांस्कृतिक पहचान के लिए संघर्ष किया। उनकी जयंती हमें उनके विचारों को स्मरण करने के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लेने की प्रेरणा देती है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज के सकारात्मक परिवर्तन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कुलसचिव प्रोफेसर समर बहादुर सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष केवल जनजातीय अधिकारों तक सीमित नहीं था, बल्कि वह जल, जंगल और जमीन के साथ जनजातीय समाज की अस्मिता, संस्कृति एवं स्वाभिमान की रक्षा का व्यापक आंदोलन था। उनके जीवन से हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन दर्शन, विचारों और योगदान से परिचित होकर उन्हें अपने आचरण में उतारना चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और जनजातीय चेतना के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। उनका संघर्ष हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं, प्राकृतिक संसाधनों और सामाजिक अधिकारों के संरक्षण के प्रति सजग रहने का संदेश देता है। आज आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी उनके विचारों और आदर्शों को समझे तथा उनसे प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के गौरव को बढ़ाने वाले कार्यों में योगदान दे।
कार्यक्रम में डॉ. कुमरेश कश्यप, डॉ. शशांक शेखर,  ठाकुर, डॉ. कपिल सोनी, डॉ. आलोक मिश्रा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विश्वविद्यालय समन्वयक डॉ. अनंत सक्सेना, प्रोफेसर अनीता धुर्वे, प्रोफेसर अंशुजा तिवारीसहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंतिम चरण में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं, जिनमें विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का समापन भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, आदर्शों एवं विचारों को आत्मसात करने तथा सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ अनिता धुर्वे एवम् डॉ अंशुजा तिवारी द्वारा किया गया।

Vijay Vishwakarma

Vijay Vishwakarma is a respected journalist based in Bhopal, who reports for Goodluck Media News. He is known for his exceptional reporting skills and extensive knowledge of the region. With a keen eye for detail and a passion for uncovering the truth, he has earned a reputation as a reliable and trustworthy source of news.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button