गंजबासौदा मंडी में आयुक्त का औचक निरीक्षण, किसानों से रूबरू हुए कुमार पुरुषोत्तम, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

भोपाल/गंजबासौदा, 21 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के आयुक्त सह-प्रबंध संचालक श्री कुमार पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को कृषि उपज मंडी समिति गंजबासौदा, जिला विदिशा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए किसानों एवं व्यापारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव जाने।
श्री कुमार पुरुषोत्तम ने कहा कि किसानों को सरल, पारदर्शी एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना मंडी बोर्ड की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को किसान हितों को ध्यान में रखते हुए मंडी की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ई-मंडी एवं ई-नाम प्रणाली, ई-नाम लैब, कृषक विश्राम गृह, कैंटीन, पेयजल व्यवस्था, मंडी प्रांगण की स्वच्छता तथा सूचना प्रसारण व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही नीलामी शेड, सीसी रोड, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों तथा कृषकों के लिए निर्माणाधीन ग्रेडिंग एवं क्लीनिंग प्लांट के स्थल का भी निरीक्षण किया।
आयुक्त सह-प्रबंध संचालक ने मंडी कार्यालय में स्थापित डी.आई.व्ही. प्रणाली, किसान हेल्प डेस्क एवं विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने मंडी परिसर में अतिरिक्त प्रवेश एवं निकास मार्ग विकसित करने तथा निर्माणाधीन संरचनाओं के साथ अतिरिक्त प्रांगण का शीघ्र विस्तार कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने मंडी में कर्मचारियों एवं सुरक्षा गार्डों की उपस्थिति, कार्य व्यवस्था एवं ड्रेस कोड का भी जायजा लिया तथा अधिकारियों को मंडी की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त संचालक श्रीमती सविता झानिया (भाप्रसे), अधीक्षण यंत्री श्री मधुकर पवार, कार्यपालन यंत्री श्री एस.सी. गोयल, सहायक यंत्री श्री आनंद योगी, उपयंत्री श्री कपिल सहारे, तहसीलदार श्री रतीराम अहिरवार, मंडी सचिव श्री सोहन लाल सहित मंडी का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।







