11 ग्रामों के सामूहिक सहयोग से आयोजित हुआ “रक्तदान ” सेवा संकल्प अभियान

शासकीय नवीन महाविद्यालय, बोरी में आज दिनांक, 7 अक्टूबर 2026 “रक्तदान ” सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया गया। इस पुनीत एवं मानवीय पहल में बोरी, गाड़ाडीह, नवागांव, डोमा, पथरिया, पुरदा, टेका पार, बिरेझर, नवागांव, दनिया, , लिटिया, सुखरीकला सहित 11 ग्रामों के नागरिकों ने सक्रिय एवं सामूहिक सहभागिता निभाई। रक्तदान सेवा संकल्प अभियान में उत्साहजनक प्रतिक्रिया देखने को मिली, जिसमें 11 ग्राम के सहयोगी प्रतिभागियों से 41 प्रतिभागियों ने रक्तदान कर मानव सेवा एवं जीवन रक्षा के इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मानवता की सेवा, जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा समाज में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सामुदायिक सहभागिता की भावना को सुदृढ़ करना था।
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रो. डॉ. कमर तलत, प्राचार्य, शासकीय नवीन महाविद्यालय, बोरी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदान को एक महान मानवीय सेवा बताते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल रक्त की आवश्यकता वाले मरीजों की सहायता करती हैं, बल्कि समाज में सामाजिक समरसता, सहयोग, संवेदनशीलता एवं सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने 11 ग्रामों के लोगों की उल्लेखनीय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न गांवों का एकजुट होकर मानवता और जीवन की रक्षा के लिए आगे आना सामाजिक एकता का प्रेरणादायक उदाहरण है।
जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री जितेंद्र साहू ने भी इस पुनीत पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों एवं लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से किए गए ऐसे प्रयास न केवल सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में प्रेम, स्नेह, आपसी सहयोग एवं मानवीय मूल्यों को भी बढ़ावा देते हैं। इस कार्यक्रम में श्री ज्ञान यादव, सांसद प्रतिनिधि, दुर्ग; श्री पवन शर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष; एवं श्री दुर्गेश लोधी, संयोजक, हिंदू युवा मंच, साजा विधानसभा ने इस पुण्य कार्य में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई एवं अपना सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन रेड क्रॉस सोसायटी के संयोजक डॉ. समीर जायसवाल एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयोजक श्री भागवत कुर्रे के संयुक्त तत्वावधान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल संचालन में डॉ. आशुतोष साहू, , श्री सुनील देवांगन तथा महाविद्यालय के संकाय सदस्य डॉ. अमरनाथ शर्मा, डॉ. हंसराज ठाकुर, डॉ. संगीता शर्मा, श्री सुरेंद्र मेहर, डॉ. मनीषा ठाकुर एवं श्रीमती कविता ठाकुर , एवं अतिथि प्राध्यापक डॉ. भारती, डॉ. नुशरत, श्री अनुराग, सुश्री डिंकल , डॉ. अर्चना एवं डॉ. राकेश का महत्वपूर्ण योगदान रहा एवं कार्यालयीन स्टाफ श्री सोमेश चंद्र एवं श्रीमती सोनम देवांगन ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान किया।
रक्तदान महाकुंभ में विद्यार्थियों, ग्रामीणों, संकाय सदस्यों एवं समुदाय के प्रतिनिधियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने समाज सेवा एवं मानवीय मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया। विभिन्न ग्रामों की सामूहिक सहभागिता ने यह संदेश दिया कि जब समाज किसी नेक उद्देश्य के लिए एकजुट होता है, तो उसका सामूहिक प्रयास समाज में सार्थक एवं स्थायी परिवर्तन ला सकता है।
रक्तदान महाकुंभ ने यह प्रेरणादायक संदेश दिया कि “रक्त की प्रत्येक बूंद अनमोल है और प्रत्येक रक्तदाता किसी के जीवन को बचाने का माध्यम बन सकता है।”
प्राचार्य डॉ. श्रीमती कमर तलत ने सभी रक्तदाताओं, सहभागी 11 ग्राम सरपंच, संकाय सदस्यों, कार्यालयीन कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की, जिनके सहयोग एवं समर्पण से इस पावन सेवा कार्यक्रम के उद्देश्य को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सका।




