कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने विदेशी उद्योगपतियों से की मुलाकात, मध्य प्रदेश में कृषि क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर हुई चर्चा

कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने विदेशी उद्योगपतियों से की मुलाकात, मध्य प्रदेश में कृषि क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर हुई चर्चा
भोपाल। मध्य प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदल सिंह कंसाना ने आज भोपाल स्थित अपने निवास पर तुर्की एवं अन्य देशों से आए उद्योगपतियों से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश में कृषि क्षेत्र के विकास, निवेश की संभावनाओं तथा कृषि के क्षेत्र में नए अवसरों को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान मध्य प्रदेश में कृषि क्षेत्र की संभावनाओं को व्यापक स्तर पर विकसित करने, कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करने तथा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से कृषि विकास को नई दिशा देने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
मंत्री श्री कंसाना ने प्रदेश में कृषि क्षेत्र की समृद्ध संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश कृषि विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में कृषि क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने, किसानों की आय में वृद्धि करने तथा कृषि आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के लिए मध्य प्रदेश सरकार नियमित रूप से किसान हित में निर्णय ले रही है।
तुर्की एवं अन्य देशों के उद्योगपतियों के साथ हुई यह मुलाकात मध्य प्रदेश के कृषि क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग और निवेश की संभावनाओं को तलाशने की दिशा में महत्वपूर्ण रही। इससे प्रदेश में कृषि विकास, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और कृषि आधारित उद्योगों के विस्तार के नए रास्ते खुलने की संभावनाएं हैं।
श्री कंसाना के कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य कृषि क्षेत्र को अधिक आधुनिक, समृद्ध और रोजगारपरक बनाते हुए किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है।


