बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के नए कुलगुरु प्रो. दीन दयाल बेदिया ने संभाला कार्यभार
सकारात्मक सोच एवं नई ऊर्जा के साथ विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प

भोपाल, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल के नवनियुक्त कुलगुरु प्रोफेसर दीन दयाल बेदिया ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर कुलगुरु कार्यालय में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात विश्वविद्यालय शिक्षक संघ द्वारा नवनियुक्त कुलगुरु का आत्मीय स्वागत किया गया तथा विश्वविद्यालय के विकास एवं शैक्षणिक उन्नयन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. दीन दयाल बेदिया ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान में मां दुर्गा की आराधना का पावन समय चल रहा है। मां दुर्गा शक्ति की प्रतीक हैं और उनसे हमें ऊर्जा, साहस तथा सकारात्मकता की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि हम सभी को नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ मिलकर विश्वविद्यालय परिवार को आगे बढ़ाना है तथा बरकतउल्ला विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने हैं।
नवनियुक्त कुलगुरु ने विश्वविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी ने मुझे अपने परिवार में स्वीकार किया है, इसके लिए मैं हृदय से धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि यदि ईश्वर ने हमें कोई दायित्व और अवसर प्रदान किया है, तो यह हमारा कर्तव्य है कि हम लोगों की अपेक्षाओं पर खरे उतरें तथा उनकी समस्याओं का समाधान करने का हरसंभव प्रयास करें। उन्होंने विश्वविद्यालय के विकास के लिए परस्पर सहयोग, सकारात्मक दृष्टिकोण और सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना को सदैव बनाए रखने पर बल दिया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय शिक्षक संघ की अध्यक्ष प्रोफेसर मोना पुरोहित ने शॉल एवं श्रीफल भेंट कर नवनियुक्त कुलगुरु का स्वागत किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कुलगुरु के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय अकादमिक उत्कृष्टता, शोध, नवाचार तथा संस्थागत विकास के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा। शिक्षक संघ की ओर से विश्वविद्यालय के हित में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलगुरु प्रोफेसर विवेक शर्मा एवं डॉ. एस.के. खटीक ने भी अपने विचार व्यक्त किए और विश्वविद्यालय के विकास तथा शैक्षणिक प्रगति के संबंध में अपनी अपेक्षाएं साझा कीं।
कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. समर बहादुर सिंह सहित विश्वविद्यालय परिवार के शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में नए कुलगुरु के स्वागत के साथ विश्वविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य, सामूहिक सहभागिता और सकारात्मक परिवर्तन के प्रति विश्वास का भाव दिखाई दिया।






