शिक्षा का उद्देश्य केवल डॉक्टर-इंजीनियर बनाना नहीं, बल्कि संस्कारवान एवं राष्ट्रनिष्ठ भावी पीढ़ी का निर्माण करना है – निखिलेश महेश्वरी

सरस्वती विद्या मंदिर में नवीन सुविधाओं का लोकार्पण समारोह संपन्न
भोपाल-सरस्वती विद्या मंदिर, हर्षवर्धन नगर, भोपाल में शनिवार, 21 नवंबर 2026 को नवीन सुविधाओं के लोकार्पण समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय में नवनिर्मित वंदना हॉल, कंप्यूटर प्रयोगशाला कक्ष एवं टॉय लाइब्रेरी का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भोपाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद माननीय श्री आलोक शर्मा जी उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में विद्या भारती मध्यभारत प्रांत के संगठन मंत्री माननीय श्री निखिलेश महेश्वरी जी, भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक माननीय श्री भगवानदास सबनानी जी, सरस्वती विद्या प्रतिष्ठान मध्यप्रदेश के अध्यक्ष श्री मोहनलाल गुप्ता जी एवं लाल बहादुर शास्त्री शिक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. सुनील रॉय जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री निखिलेश महेश्वरी जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्ष 1952 में प्रारंभ हुई विद्या भारती वर्ष 2027 में अपनी स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण करने जा रही है। वर्तमान में देशभर में विद्या भारती की शिक्षण संस्थाओं में लगभग 37 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी शिक्षा किस काम की, जो मनुष्य को मनुष्य न बना सके। हमें शिक्षा के वास्तविक उद्देश्य को समझना और विद्यार्थियों को समझाना होगा। हमारा उद्देश्य केवल डॉक्टर और इंजीनियर बनाना नहीं, बल्कि संस्कारवान, चरित्रवान एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित भावी पीढ़ी का निर्माण करना है। यह महत्वपूर्ण कार्य विद्या भारती द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर एवं विद्या मंदिरों में निरंतर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में उपलब्ध कराई जा रही नवीन सुविधाएँ विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने, उनकी रचनात्मकता एवं तकनीकी दक्षता को विकसित करने तथा संस्कारयुक्त शिक्षा के उद्देश्यों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक एवं सहशैक्षिक सुविधाएँ उपलब्ध कराना तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है। नवीन वंदना हॉल, कंप्यूटर प्रयोगशाला एवं टॉय लाइब्रेरी के माध्यम से विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी, रोचक एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। स्वागत भाषण श्री पीयूषपाणी शर्मा द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री योगेंद्र कुलश्रेष्ठ जी
के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अंत में सरस्वती विद्या मंदिर की प्रधानाचार्य श्रीमती नम्रता तिवारी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।








