शासकीय नवीन महाविद्यालय बोरी, सभागार में अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस का आयोजन किया

आज शासकीय नवीन महाविद्यालय बोरी में “अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस” के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में परिवार संस्था के महत्व, पारिवारिक मूल्यों, आपसी सहयोग तथा सामाजिक समरसता के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमर तलत ने अपने उद्बोधन में कहा कि परिवार व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण की प्रथम पाठशाला है। परिवार केवल रक्त संबंधों का समूह नहीं, बल्कि संस्कार, सहयोग, सुरक्षा और संवेदनाओं का आधार है।
मुख्य वक्ता एवं संयोजक डॉ. अमरनाथ शर्मा ने “परिवार और सामाजिक उत्तरदायित्व” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक जीवनशैली, तकनीकी व्यस्तता एवं बढ़ती एकाकी प्रवृत्ति के बीच परिवार की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने भारतीय परंपरा के “वसुधैव कुटुम्बकम्” सिद्धांत को विश्व शांति और सामाजिक संतुलन का आधार बताया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा भाषण, मॉडल प्रदर्शन भी दी गईं। विद्यार्थियों ने संयुक्त परिवार, वृद्धजन सम्मान, पारिवारिक संवाद तथा पारस्परिक सहयोग जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य द्वारा पारिवारिक एकता पर शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ओम प्रकाश कौशिक द्वारा तथा आभार प्रदर्शन डॉ. मीना चक्रवर्ती द्वारा किया.











