संस्कार भारती की ‘निनाद’ संगीत संगोष्ठी में गूंजे शास्त्रीय संगीत और तबले के सुर

बाल कला साधकों ने किया सामूहिक तबला वादन
भोपाल। संस्कार भारती भोपाल महानगर संगीत विधा द्वारा आयोजित मासिक संगीत संगोष्ठी ‘निनाद’ का आयोजन आज बाबा योगेंद्र सभागार, तुलसी नगर, भोपाल में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री गिरीश जोशी प्रांत सह संपर्क प्रमुख के साथ उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी के निर्देशक श्री प्रकाश सिंह ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
संगोष्ठी में युवा शास्त्रीय गायिका यति विश्वकर्मा ने राग शुद्ध कल्याण में बड़ा ख्याल, छोटा ख्याल एवं तराना प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद प्रस्तुत मीरा भजन “बांसी वारे आजो मारे देश” ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। हारमोनियम पर श्री मुनि मालवीय एवं तबले पर श्री अभिजीत गडेकर ने सुंदर संगत दी।
13 बच्चों ने तबले पर ठोका ताल
ताल अकादमी ऑफ तबला के गुरु श्री मनोज पाटीदार के 13 विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक तबला वादन रहा। विद्यार्थियों ने तीनताल में उठान, पेशकार, कायदे, रेले, चक्करदार तिहाइयाँ, परन एवं सवाल-जवाब की आकर्षक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में हारमोनियम संगत श्री मुनि मालवीय द्वारा की गई।
इस अवसर पर मध्य भारत प्रांत के महामंत्री श्री मोतीलाल कुशवाहा, प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ संदीप श्रीवास्तव के अलावा भोपाल महानगर के अध्यक्ष वरिष्ठ रंगकर्मी संजय मेहता, महामंत्री शेखर कर्हाड़कर सहित अनेक संगीत रसिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन मुख्य अतिथि के उद्बोधन, कलाकारों के सम्मान एवं आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। कार्यक्रम संचालन मंचीय कला संयोजक दीपिका पुरोहित द्वारा किया गया।






