मध्य प्रदेश

होली बुराई पर भलाई की जीत का पर्व, नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें पुलिसकर्मी :- डीजीपी*





डीजीपी ने लाल परेड ग्राउंड के कबड्‌डी मैदान में आयोजित होली मिलन समारोह में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को किया संबोधित*

गूंजे फाग गीत, पुलिस बैंड ने दी उम्दा प्रस्तुति, ढोल की थाप पर थिरके पुलिस अधिकारी व कर्मचारी, जमकर उड़े रंग-गुलाल

भोपाल,  भोपाल में पुलिसकर्मियों द्वारा रंगों का त्योहार होली हर्षोल्लास से मनाया गया। शहर के लाल परेड मैदान स्थित कबड्‌डी ग्राउंड में 06 मार्च शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय के होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। डीजीपी श्री कैलाश मकवाणा ने कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होकर प्रदेशभर के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर विशेष पुलिस महानिदेशक श्री पंकज श्रीवास्‍तव, श्री अनिल कुमार, श्री आशुतोष राय, कमांडेंट 7वीं वाहिनी श्री हितेश चौधरी और बड़ी संख्या में वरिष्‍ठ पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और पुलिसकर्मियों के परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन निरीक्षक मृत्युंजय श्रीवास्तव और आरक्षक वर्षा परिहार द्वारा किया गया।


*ईमानदारी और लगन से करते रहें उत्कृष्ट कार्य :- डीजीपी*

डीजीपी श्री कैलाश मकवाणा ने सभी पुलिस अधिकारियों, जवानों, समारोह में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों और सभी उपस्थितजन को होली की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि विभिन्न इकाइयों द्वारा प्रस्तुत की गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां अत्यंत सुंदर और सराहनीय रही हैं। उन्होंने कहा कि होली बुराई पर भलाई की जीत का प्रतीक पर्व है। पुलिसकर्मियों को विभिन्‍न बुराइयों से दूर रहना चाहिए, जिसमें नशा भी शामिल है, इसलिये सभी पुलिसकर्मी नशे से दूर रहें, क्‍योंकि नशा व्यक्ति के परिवार और कैरियर दोनों को नुकसान पहुंचा सकता है।

उन्होंने सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक श्री एच.एम. जोशी के 100वें जन्‍मदिवस आयोजन का जिक्र करते हुए उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की एवं उन्हें पुलिस सेवा के लिए प्रेरणास्रोत बताया। डीजीपी ने कहा कि पहले सीमित संसाधन होते थे, जबकि आज आवास, वाहन और उपकरण जैसी सुविधाओं में वृद्धि हुई है। उन्होंने वर्ष 2025 में विभाग की उपलब्धियों, फील्ड इकाइयों को पुलिस मुख्यालय के सहयोग तथा बटालियनों की भूमिका का उल्लेख करते हुए प्रदेश को नक्सल मुक्त बनाने की सफलता पर सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी और होली की शुभकामनाएं देते हुए पूरी लगन, ईमानदारी और प्रतिबद्धता से कार्य करते रहने का आह्वान किया।

*सुमधुर फाग गीतों ने बांधा समां*

मध्यप्रदेश पुलिस की विभिन्न इकाइयों की टीमों ने पारंपरिक फाग एवं होली गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में 25वीं वाहिनी एसटीएफ की टीम ने “ब्रज ले चलो श्याम”, 7वीं वाहिनी भोपाल की टीम ने “नहीं आए श्याम खेलन होरी”, रेडियो मुख्यालय की टीम ने “मेरी चुनरी में पड़ गयो दाग री कैसा चटक रंग डारो”, पुलिस वेलफेयर पुलिस मुख्यालय की टीम ने “मुझे अपने रंग में ही रंग ले”, 23वीं वाहिनी भोपाल की टीम ने “घर आ जइयो खेलेंगे फाग कन्हैया”, मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी भौंरी की टीम ने “रंग भरके घालत पिचकारी”, एजेके शाखा पुलिस मुख्यालय की टीम ने “होरी खेलो आज मोसे नंदलाला” तथा सीआईडी पुलिस मुख्यालय की टीम ने “होरी के हीरा हीराने” गीत पर प्रस्तुति से समारोह को उत्साहपूर्ण बनाया। कार्यक्रम के अंत में 7वीं वाहिनी पुलिस बैंड द्वारा “रंग बरसे भीगे चुनर वाली” की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण होली के रंगों और उल्लास से सराबोर हो गया। कार्यक्रम के अंत में पुलिस महानिदेशक ने सभी टीमों की सराहना करते हुए उन्हें उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए पुरस्कृत किया।

Vijay Vishwakarma

Vijay Vishwakarma is a respected journalist based in Bhopal, who reports for Goodluck Media News. He is known for his exceptional reporting skills and extensive knowledge of the region. With a keen eye for detail and a passion for uncovering the truth, he has earned a reputation as a reliable and trustworthy source of news.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button