आज भोपाल में हनुमान प्रकटोत्सव की धूम

राजधानी भोपाल में हनुमान प्रकटोत्सव की धूम है। शाम को पुराने शहर में शोभायात्रा निकली। सुरक्षा की दृष्टि से खासा पुलिस बल तैनात रहा। हजारों श्रद्धालु इसमें शामिल हुए। खास बात ये है कि सांप्रदायिक सद्भाव और भाईचारे के बीच यह शोभायात्रा निकाली गई। सबसे अच्छी तस्वीर तब दिखी, जब मुस्लिम समाज के लोगों ने शोभायात्रा पर फूल बरसा कर स्वागत किया। इसके अलावा भी कई स्थानों से शोभायात्राएं निकाली गईं। वहीं, हनुमान मंदिरों में भंडारे और महाआरती हुई। न्यू मार्केट, छोला, 1100 क्वार्टर समेत शहरभर के हनुमान मंदिरों में सुबह से ही अनुष्ठान शुरू हो गए थे।

न्यू मार्केट खेड़ापति हनुमान मंदिर में भी दोपहर 12 बजे महाआरती हुई। इसके बाद भंडारा शुरू हो गया। हनुमान प्रकटोत्सव के चलते मंदिर को एक हजार रंगीन वस्त्रों और 3 क्विंटल फूलों से सजाया गया है। मंदिर ट्रस्ट के मैनेजर योगेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह 7 बजे बाबा का महाभिषेक चोला, श्रृंगार, पूजा और आरती के बाद दोपहर 12 बजे महाआरती की गई। इसके बाद भंडारा शुरू हो गया, जो देर रात तक चलेगा।

Back to top button