इटारसी मंडी क्षेत्र अंतर्गत पवारखेड़ा स्थित डीपी वर्ल्ड इनलैंड टर्मिनल का दौरा किया कृषि विपणन बोर्ड के आयुक्त सह प्रबंध संचालक श्री कुमार पुरुषोत्तम

मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के आयुक्त सह प्रबंध संचालक श्री कुमार पुरुषोत्तम द्वारा आज दिनांक 29 अगस्त 2026 को इटारसी मंडी क्षेत्र अंतर्गत पवारखेड़ा स्थित डीपी वर्ल्ड इनलैंड टर्मिनल का दौरा किया गया।
दौरे के दौरान श्री कुमार पुरुषोत्तम द्वारा टर्मिनल परिसर का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया तथा कृषकों एवं व्यापारियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान टर्मिनल परिसर में स्थित रेलवे रैक प्वाइंट का भी निरीक्षण किया गया। रेलवे रैक प्वाइंट पर माल की लोडिंग एवं अनलोडिंग की व्यवस्था, माल की आवक किन स्थानों से होती है तथा उसे किन-किन स्थानों के लिए परिवहन किया जाता है, इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही, माल की लोडिंग एवं अनलोडिंग तथा परिवहन की संपूर्ण प्रक्रिया में लगने वाले समय के संबंध में भी जानकारी ली गई।श्री कुमार पुरुषोत्तम द्वारा टर्मिनल पर उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं का अवलोकन करते हुए भविष्य में कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं सुविधाजनक बनाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार एवं उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मंडी बोर्ड के श्री मधुकर पवार (अधीक्षण यंत्री), श्री सुरेश चंद्र गोयल (कार्यपालन यंत्री, भोपाल संभाग) सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही डीपी वर्ल्ड (DP World) के प्रतिनिधि के रूप में श्री प्रदीप शर्मा (प्रबंधक – ऑपरेशंस) एवं श्री ज्ञान प्रकाश पांडे (प्रबंधक – सिविल) विशेष रूप से उपस्थित रहे।








