जगद्गुरु रामानंदाचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय में ब्लॉग और सोशल मीडिया कंटेंट निर्माण पर पाँच दिवसीय कार्यशाला

जयपुर। संस्कृत भाषा को आधुनिक संचार माध्यमों से जोड़कर नई पीढ़ी तक प्रभावी रूप से पहुँचाने के उद्देश्य से जगद्गुरु रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय में सोमवार को पाँच दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ।
यह कार्यशाला 27 फरवरी तक चलेगी तथा केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के अनुदान से आयोजित की जा रही है। कार्यशाला में देश के विभिन्न राज्यों से आए कुल 58 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जबकि केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय भोपाल परिसर ने भी इसमें प्रतिनिधित्व किया है।
कार्यशाला का उद्घाटन तरुण शर्मा ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मदनमोहन झा ने कहा कि संस्कृत को आधुनिक संचार माध्यमों के अनुरूप ढालना समय की आवश्यकता है, ताकि यह भाषा डिजिटल युग में भी प्रासंगिक बनी रहे और युवाओं के बीच इसकी पहुँच बढ़ सके।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को दृश्य-श्रव्य सामग्री निर्माण, ब्लॉग लेखन, सोशल मीडिया पर संस्कृत का प्रभावी उपयोग, कथात्मक लेखन, प्रस्तुति कौशल तथा संप्रेषण विधियों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस अवसर पर कुलसचिव रंजन, निदेशक डॉ. रजक मिश्र, सहायक निदेशक डॉ. नवनीत कुमार, प्रो. लीना सकरवाल, डॉ. अमृता कौर, डॉ. योगेंद्र दीक्षित, डॉ. मनोज मिश्रा,श्री सुमित सक्सेना सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी एवं छात्र उपस्थित रहे।



