कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंसाना ने कनाडा के प्रतिनिधिमंडल से की सौजन्य भेंट की

मध्य प्रदेश शासन के कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंसाना से आज कनाडा के उच्चायोग के सस्केचेवान इंडिया कार्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में सस्केचेवान इंडिया कार्यालय के प्रबंध निदेशक श्री स्कॉट मैथीज तथा व्यापार आयुक्त श्री हरीश वैद्यनाथन शामिल थे।
भेंट के दौरान मध्य प्रदेश एवं कनाडा के सस्केचेवान प्रांत के बीच कृषि, कृषि अनुसंधान, आधुनिक कृषि तकनीक, कृषि यंत्रीकरण, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि निवेश तथा व्यापारिक सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंसाना ने कहा कि मध्य प्रदेश कृषि उत्पादन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। राज्य सरकार किसानों की आय में वृद्धि, कृषि को अधिक लाभकारी बनाने तथा आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कृषि अनुसंधान, नवाचार, उन्नत कृषि तकनीक, बीज उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण तथा मूल्य संवर्धन के क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय सहयोग से किसानों को व्यापक लाभ मिल सकता है।
कनाडाई प्रतिनिधिमंडल ने मध्य प्रदेश में कृषि एवं कृषि आधारित उद्योगों में उपलब्ध निवेश और सहयोग की संभावनाओं की सराहना करते हुए भविष्य में तकनीकी सहयोग, निवेश, ज्ञान एवं अनुभवों के आदान-प्रदान तथा व्यापारिक संबंधों को और मजबूत बनाने में रुचि व्यक्त की।
बैठक में दोनों पक्षों ने कृषि क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग, आधुनिक तकनीकों के उपयोग, अनुसंधान एवं नवाचार तथा कृषि व्यापार को बढ़ावा देने के लिए सकारात्मक विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर दोनों देशों के बीच कृषि क्षेत्र में साझेदारी को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में मिलकर कार्य करने पर सहमति व्यक्त की।




