बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन

भोपाल। अधिष्ठाता छात्र कल्याण विभाग, बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय, भोपाल एवं ASG नेत्र चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय परिसर में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विवेक शर्मा एवं कुलसचिव डॉ. एस. बी. सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. विवेक शर्मा ने कहा कि स्वस्थ नेत्र स्वस्थ जीवन की आधारशिला हैं। वर्तमान समय में बढ़ते डिजिटल उपयोग के कारण नियमित नेत्र परीक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से समय-समय पर अपनी आँखों की जाँच कराने तथा नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कुलसचिव डॉ. एस. बी. सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के समग्र स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समय पर रोगों की पहचान एवं उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर में ASG नेत्र चिकित्सालय से आए श्री नीरज सिंह बघेल के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम द्वारा आधुनिक उपकरणों की सहायता से शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का नेत्र परीक्षण किया गया। परीक्षण के उपरांत आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया तथा जिन व्यक्तियों को आगे उपचार की आवश्यकता थी, उन्हें उचित मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम का समन्वयन अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. पवन मिश्रा के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर में विश्वविद्यालय परिवार की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही तथा सभी प्रतिभागियों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना की। अंत में विश्वविद्यालय प्रशासन ने ASG नेत्र चिकित्सालय की टीम एवं विशेष रूप से श्री नीरज सिंह बघेल का सफल आयोजन हेतु आभार व्यक्त किया।



I



