आरजीपीवी केआरसी लैब में टीसीएस नेशनल क्वालीफ़ायर तैयारी हेतु विशेष टेस्ट प्रशिक्षण सत्र का आयोजन

भोपाल। राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्याल के नॉलेज रिसोर्स सेंटर लैब में आगामी टीसीएस नेशनल क्वालीफ़ायर टेस्ट की तैयारी के लिए टीसीएस प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ किया गया, जिसमें आरजीपीवी परिसर के विभिन्न यूटीडी एवं यूआईटी के लगभग 100 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को एप्टीट्यूड, रीजनिंग, कोडिंग एवं इंटरव्यू की प्रभावी तैयारी कराकर उनकी प्लेसमेंट एवं अन्य प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए समग्र तैयारी को सुदृढ़ बनाना है।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. आलोक शर्मा के मार्गदर्शन एवं यूआईटी के निदेशक डॉ. सुधीर सिंह भदौरिया के निर्देशन से आयोजित इस नवाचारपूर्ण पहल में ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट निदेशक प्रो. रूपम गुप्ता ,आरजीपीवी नॉलेज रिसोर्स सेंटर प्रभारी डॉ पीयूष शुक्ला ने प्रक्षिक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। प्रशिक्षण का संचालन अभिषेक शर्मा, फैकल्टी, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग द्वारा किया गया, जिन्होंने विद्यार्थियों को विशेष रूप से क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड
का प्रशिक्षण देते हुए टीसीएस नेशनल क्वालीफ़ायर टेस्ट की परीक्षा रणनीति, मॉक प्रैक्टिस एवं सफलता के महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए। यह प्रशिक्षण श्रृंखला अगले दो सप्ताह तक निरंतर संचालित की जाएगी। साथ ही, प्रशिक्षण के सभी व्याख्यान विद्यार्थियों के भविष्य के संदर्भ एवं स्व-अध्ययन हेतु यूआईटी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें। विद्यार्थियों ने इस पहल को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उनकी टीसीएस सहित भविष्य की सभी प्लेसमेंट एवं करियर संबंधी तैयारियों को नई दिशा मिलेगी।




