RGPV में आज 11 बजे आयोजित चतुर्थ सेमेस्टर (एआईएमएल), स्कूल ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से ठीक पहले बताया गया कि प्रश्नपत्र चोरी हो

आरजीपीवी के यूटीडी में प्रश्नपत्र चोरी गंभीर लापरवाही जिम्मेदारों पर हो कार्यवाही विद्यार्थी परिषद के आंदोलन के बाद FIR दर्ज
भोपाल। राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) में प्रश्नपत्र चोरी की गंभीर घटना ने विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई और विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा की मांग की है।
जानकारी अनुसार राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की यूटीडी परीक्षा शाखा, स्कूल ऑफ बायोमॉलिक्यूलर टेक्नोलॉजी एंड बायोटेक्नोलॉजी से लगभग 9 विभिन्न विषयों के प्रश्नपत्र के बंडल गायब पाए गए, जिनमें आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र भी शामिल थे। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब प्रातः 11 बजे आयोजित चतुर्थ सेमेस्टर (एआईएमएल), स्कूल ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से ठीक पहले बताया गया कि प्रश्नपत्र चोरी हो जाने के कारण परीक्षा आयोजित नहीं की जा सकती।
प्रारंभिक जानकारी में कई गंभीर तथ्य सामने आए हैं। परीक्षा शाखा कार्यालय में एक दर्जन से अधिक अलमारियाँ होने के बावजूद केवल एक अलमारी खुली मिली, जिससे प्रश्नपत्र गायब हुए। उल्लेखनीय है कि उस अलमारी का ताला भी टूटा हुआ नहीं था। वहीं कार्यालय में केवल एक खिड़की टूटी हुई पाई गई, जबकि अन्य किसी ताले अथवा दरवाजे के साथ छेड़छाड़ के स्पष्ट संकेत नहीं मिले। इससे घटना को लेकर कई गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।
इस घटना ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था की भी पोल खोल दी है। जहां गोपनीय प्रश्नपत्र सुरक्षित रखे जाते हैं, वहां सीसीटीवी कैमरों सहित पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था का अभाव न केवल गंभीर प्रश्न खड़े कर रहा है अपितु विश्वविद्यालय प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
इतनी गंभीर घटना के बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन का हरकत में न आना और आश्चर्यजनक है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आंदोलन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आया और पूरे प्रकरण में प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज कराई गई है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मांग की है कि प्रश्नपत्र चोरी के आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, अभाविप यह भी मांग करता है कि यूटीडी की परीक्षा नियंत्रक भी जिम्मेदार तय कर कार्रवाई की जाए। विश्वविद्यालय की परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल सुदृढ़ किया जाए तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।





