मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में शामिल हुए मंत्री नारायन सिंह कुशवाह

ग्वालियर-शिक्षा नगर स्थित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत “मेरे सपनों का भारत” राष्ट्रीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री श्री नारायन सिंह कुशवाह (सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग) ने सहभागिता कर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया।
मंत्री श्री कुशवाह ने प्रतियोगिता में प्रतिभागी विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रतिभा की सराहना करते हुए प्रतिभाशाली छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के विचारों, कल्पनाशीलता और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य को लेकर उनकी सोच ने प्रभावित किया है। ऐसे आयोजन युवा प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा एवं कल्पनाओं को अभिव्यक्त करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति भारत के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला है। विद्यार्थियों की प्रतिभा को उचित मंच और प्रोत्साहन देकर उन्हें विकसित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री जय प्रकाश राजौरिया, ग्वालियर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुंवर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह, श्री संजीव बोहरे, श्री गौरव बाजपेयी, श्री शैलेन्द्र सिकरवार, श्री अरुण बाजपेयी, श्री योगेन्द्र तोमर, श्री आशीष प्रताप सिंह राठौर सहित अन्य गणमान्यजन एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने चित्रों एवं विचारों के माध्यम से विकसित और आत्मनिर्भर भारत की अपनी कल्पना को प्रस्तुत किया।







