मध्य प्रदेश

वैकल्पिक व्यवस्था होने तक सराफा स्कूल में ही पढ़ेंगी छात्राएं

जनप्रतिनिधियों और कलेक्टर ने विद्यालय पहुंचकर छात्राओं से की चर्चा

उज्जैन,18 अगस्त। महाकाल मंदिर के पीछे चारधाम मंदिर के समीप संचालित रानी लक्ष्मीबाई शासकीय सराफा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं की समस्या का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संवेदनशीलता के साथ संज्ञान लेते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। दाऊदखेड़ी क्षेत्र में विद्यालय स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव से छात्राओं की पढ़ाई, आवागमन और सुरक्षा को लेकर उत्पन्न चिंता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए है कि जब तक विद्यालय के लिए वैकल्पिक व्यवस्था नही हो जाती, तब तक छात्राएं वर्तमान सराफा विद्यालय में ही अध्ययन करेंगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के इस निर्णय पर छात्राओं ने भावुक होकर उनका आभार व्यक्त किया। मंगलवार को सांसद श्री अनिल फिरोजिया, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव, विधायक श्री अनिल जैन कालूखेड़ा, अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल तथा कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह सराफा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे और छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि उनकी पढ़ाई और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नही किया जाएगा।

इस अवसर पर छात्रा मोनिका सिसोदिया ने छात्राओं की ओर से अपनी बात रखते हुए कहा कि विद्यालय को दाऊदखेड़ी क्षेत्र में स्थानांतरित किए जाने से छात्राओं को काफी दूर जाना पड़ेगा। इससे विशेष रूप से छात्राओं के आवागमन और सुरक्षा को लेकर परेशानी उत्पन्न होगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन से छात्राओं के हित में उचित निर्णय लेने का आग्रह किया।



मुख्यमंत्री ने छात्राओं की परेशानी को तत्काल समझा

———–

सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियों की परेशानी को देखते हुए आज सभी जनप्रतिनिधि अपनी बेटियों के बीच आए हैं। उन्होंने बताया कि सराफा विद्यालय को दाऊदखेड़ी स्थानांतरित किए जाने की जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को दी गई थी। मुख्यमंत्री ने छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तत्काल निर्देश दिए कि वैकल्पिक व्यवस्था होने तक सराफा विद्यालय में ही छात्राओं की पढ़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आसपास के क्षेत्र में उपयुक्त स्थान चिन्हित कर विद्यालय भवन के निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। श्री फिरोजिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संकल्प ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ है। केंद्र और राज्य सरकार बेटियों की शिक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि बेटियां शिक्षा प्राप्त कर आत्‍मनिर्भर बनें अपने शहर, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।



बेटियां निर्भीक होकर पढ़ाई करें, चिंता हमारी जिम्मेदारी

—————

नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा को लेकर संवेदनशील हैं। बेटियां अच्छे वातावरण में पढ़ें और आगे बढ़ें, इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने वैकल्पिक व्यवस्था होने तक सराफा विद्यालय में ही अध्यापन जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे निर्भीक होकर अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें। उनकी सुरक्षा और सुविधाओं की चिंता जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार नए स्कूल भवनों के निर्माण के साथ ही वर्तमान विद्यालयों के उन्नयन पर भी विशेष ध्यान दे रही है।

विधायक श्री अनिल जैन कालूखेड़ा ने कहा कि सराफा विद्यालय स्थानांतरण के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को अवगत कराया गया था। मुख्यमंत्री ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए निर्देश दिए कि वैकल्पिक व्यवस्था होने तक सराफा विद्यालय यथावत संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी की मंशा है कि बेटियां साहसी, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनें। बेटियों की शिक्षा में सरकार की ओर से किसी प्रकार की कमी नही आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालयों को सीएम राइज स्कूल के रूप में विकसित करने के साथ ही अन्य विद्यालयों के उन्नयन का कार्य भी किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों से अध्‍यापन के लिए स्कूल बस के माध्यम से विद्यार्थिायों को स्‍कूल तक लाया जाता है।



छात्राओं की शिक्षा को लेकर सरकार गंभीर



अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सभी जनप्रतिनिधि और कलेक्टर स्वयं छात्राओं के बीच पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बेटों और बेटियों की शिक्षा को लेकर विशेष रूप से संवेदनशील हैं। विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की समस्या हो तो वे सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों से अपनी बात साझा कर सकते है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे निडर होकर अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें और अपने भविष्य के लिए निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरी मेहनत करें।

कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव छात्राओं की समस्या को लेकर चिंतित थे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर ही यह निर्णय लिया गया है कि वैकल्पिक व्यवस्था होने तक छात्राओं को सराफा विद्यालय में ही अध्ययन की सुविधा रहेगी। उन्होंने छात्राओं की शिक्षा के प्रति सजगता और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि यही उत्साह उन्हें आगे भी अपनी पढ़ाई में बनाए रखना चाहिए। प्रदेश सरकार छात्राओं की शिक्षा के लिए हर संभव सहयोग और सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे अपना लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन से पढ़ाई करें।



मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार



मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा छात्राओं के हित में लिए गए निर्णय की जानकारी मिलने के बाद छात्राओं में खुशी और संतोष का भाव दिखाई दिया। छात्राओं ने भावुक होकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी समस्या को समझते हुए लिया गया निर्णय उनके लिए बड़ी राहत है। छात्राओं ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी श्री संजय शर्मा, विद्यालय के प्राचार्य श्री मुकेश त्रिवेदी सहित विद्यालय का स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रही।

Vijay Vishwakarma

Vijay Vishwakarma is a respected journalist based in Bhopal, who reports for Goodluck Media News. He is known for his exceptional reporting skills and extensive knowledge of the region. With a keen eye for detail and a passion for uncovering the truth, he has earned a reputation as a reliable and trustworthy source of news.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button