शासकीय नवीन महाविद्यालय बोरी में राष्ट्रीय नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत शपथ कार्यक्रम

बोरी (छत्तीसगढ़)राष्ट्रीय सेवा योजना, शासकीय नवीन महाविद्यालय बोरी के तत्वावधान में महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत शपथ एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती कमर तलत ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वयं, परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने अभियान के अंतर्गत दिए गए QR कोड को स्कैन कर ऑनलाइन पंजीयन किया तथा नशा मुक्ति प्रतिज्ञा लेकर प्रमाण-पत्र प्राप्त किया।
इसी अवसर पर “नशा मुक्त भारत अभियान एवं मिशन स्पंदन—विकसित भारत की ओर एक कदम” के अंतर्गत ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा संचालित 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा अभियान के तहत भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी रेणु दीदी, ब्रह्मऋषि राज वर्मा जी, युवराज ईश्वर एवं शारदा जी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इनमें डॉ. मीन चक्रबोर्ती डॉ. संगीता देवी शर्मा,कविता ठाकुर , कार्यक्रम अधिकारी भागवत कुर्रे, डॉ. समीर जायसवाल, सुरेंद्र कुमार मेहर, मोहित कुमार सहित महाविद्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशे से स्वयं दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।






