संस्कार भारती मध्य भारत प्रांत की साधारण सभा संपन्
भोपाल में आयोजित सभा में आठ जिलों की सभी इकाइयों की रही सहभागिता

भोपाल। संस्कार भारती मध्य भारत प्रांत की साधारण सभा का आयोजन 2 अक्टूबर को वनवासी कल्याण परिषद स्थित एकलव्य संकुल में किया गया। सभा में मध्य भारत प्रांत के आठ जिलों की विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। तीन सत्रों में आयोजित सभा में संगठन के आगामी कार्यों, कला-साधना एवं सामाजिक दायित्वों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। सभा का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं संस्कार भारती के ध्येय गीत से हुआ। ध्येय गीत की प्रस्तुति सुश्री दीपिका पुरोहित ने की। इसके पश्चात श्री शेखर कराडकर ने एकल गीत प्रस्तुत किया।
प्रथम सत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यवाह श्री हेमंत मुक्तिबोध ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संघ की कार्यपद्धति एवं रीति-नीति से परिचित कराया। द्वितीय सत्र में संस्कार भारती के अखिल भारतीय कोषाध्यक्ष श्री सुभाष अग्रवाल ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों एवं कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्रांत के पदाधिकारियों को दी।
सभा के तृतीय एवं अंतिम सत्र में प्रांत सहसंपर्क प्रमुख श्री गिरीश जोशी ने ‘संघ की संस्कार भारती से अपेक्षा’ विषय पर उद्बोधन दिया। उन्होंने संस्कार भारती के मूल उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए समाज हित में कार्य करने का मार्गदर्शन दिया।
साधारण सभा की अध्यक्षता प्रसिद्ध अभिनेता एवं संस्कार भारती मध्य भारत प्रांत के अध्यक्ष श्री राजीव वर्मा ने की। इस अवसर पर संस्कार भारती के उपाध्यक्ष श्री आलोक शर्मा सहित प्रांत के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रांत महामंत्री श्री मोतीलाल कुशवाहा, सह महामंत्री श्री कृष्ण गोपाल पाठक, मध्य भारत प्रांत के प्रचार प्रमुख डॉ संदीप श्रीवास्तव, मंचीय कला-नाट्य विधा प्रमुख श्री संजय मेहता, साहित्य विधा प्रमुख श्रीमती रंजना चितले, श्री वीर सिंह राजपूत, श्री गोविंद विश्वकर्मा एवं श्री प्रकाश गलगले सहित विभिन्न जिलों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभा का समापन वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ।






