देशभर की 100 से अधिक महिला ज्योतिषियों ने की सहभागिता भोपाल में पहली बार आयोजित हुआ महिला ज्योतिष सम्मेलन

भोपाल-राजधानी भोपाल के मालवीय नगर स्थित रत्नामाला हॉल में 30 मई को महिलाओं पर केंद्रित एक दिवसीय “वीमेन एस्ट्रोलॉजिकल कॉन्क्लेव” का भव्य आयोजन किया गया। भोपाल शहर में इस प्रकार का यह पहला सम्मेलन रहा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से 100 से अधिक महिला ज्योतिषियों ने भाग लेकर ज्योतिष विज्ञान के विविध आयामों पर अपने विचार साझा किए।
सम्मेलन में हैदराबाद, दिल्ली, मुंबई, इंदौर, उज्जैन, वाराणसी सहित देश के अनेक शहरों से आईं विदुषी ज्योतिषाचार्यों ने मेडिकल एस्ट्रोलॉजी, ज्योतिष शास्त्र और मानव जीवन पर उसके प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर शोधपरक प्रस्तुतियां दीं। वक्ताओं ने ज्योतिष के माध्यम से स्वास्थ्य, जीवन प्रबंधन एवं आध्यात्मिक उन्नति के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान ज्योतिषम की एस्ट्रो शक्ति विंग द्वारा तैयार किए गए “नक्षत्र कैलेंडर” का भी विधिवत विमोचन किया गया। इस कैलेंडर को ज्योतिषीय ज्ञान और नक्षत्रों की उपयोगिता को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
सम्मेलन में भोपाल की प्रसिद्ध टैरो रीडर श्रीमती कहकशा सक्सेना को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें भोपाल में पहली बार टैरो कार्ड रीडिंग को लोकप्रिय बनाने और इस क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए सम्मान प्रदान किया गया। साथ ही नक्षत्र कैलेंडर में भी उनके योगदान एवं परिचय को स्थान दिया गया।
कार्यक्रम में आयोजक प्रतीश सक्सेना, सेलिब्रिटी ज्योतिषाचार्य शशिकांत पढ़वाल तथा कृष्णा प्रेमानन्द महाराज ने कहकशा सक्सेना को सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी ने ज्योतिष के क्षेत्र को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान की है। सम्मेलन में उपस्थित प्रतिभागियों ने इसे महिलाओं के ज्ञान, नेतृत्व और आध्यात्मिक सशक्तिकरण का प्रभावी मंच बताते हुए ऐसे आयोजनों को भविष्य में भी निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।




